19orai07महेबा-उरई। ब्लाॅक क्षेत्र के एक गांव में कोटेदार ने अपने चहेतों को लाभ देने के लिए ऐसे लोगों के नाम पात्र गृहस्थियों में दर्ज करा दिये जो कि अरसा पहले स्वर्ग सिधार चुके हैं। इसकी शिकायत तहसील दिवस में आज उप जिलाधिकारी से की गई।
पात्र गृहस्थियों के नाम तैयार करने में गड़बड़ी रोकने के लिए मुस्तैद इंतजामों का दावा किया गया था। जिसके तहत कहा गया था कि सर्वे का कार्य कोटेदारों के भरोसे छोड़ने के बजाय सीनियर अधिकारियों की देखरेख में कराया जायेगा जो गांवों में पहुंचकर खुली बैठक में गरीबों की तस्दीक करेंगे। लेकिन इस कवायद का अधिकारियों की लापरवाही की वजह से कोई मतलब नही निकला। ब्लाॅक क्षेत्र का जहटौली ग्राम इसका उदाहरण है।
शिकायतकर्ताओं के मुताबिक इस गांव में 285 पात्र गृहस्थितियां चिन्हित की गई हैं। इनमें से 150 लोग कोटेदार ने अपने भर दिये है जो पात्र नही है। हैरत अंगेज यह है कि कोटेदार ने कौशल्या, प्रियादास सहित कई ऐसे लोगों को सूची में शामिल कर दिया है जो दिवगंत हो चुके हैं। शिकायत करने आई मधु पत्नी महेश सिंह, रोशनी पत्नी नारायण सिंह, ममता पत्नी रविंद्र सिंह, चित्रलेखा पत्नी विजय सिंह और रेखा पत्नी शत्रुघन सिंह आदि ने बताया कि मृत लोगों के कार्ड बनवाने के अलावा गांव की उन लड़कियों के नाम से भी पात्र गृहस्थियों के कार्ड बना दिये गये हैं जो विवाह हो जाने के कारण दूसरे स्थानों पर जाकर बस गईं हैं। बताया गया है कि अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश कर दिये हैं।

Leave a Reply