0 तीन हजार लीटर लहन व कच्ची दारू की तहस नहस
0 जेसीबी से उखड़वाये जमीन में गाड़े गये लहन व शराब के ड्रम
0 दो महिलायें भी गिरफ्तार, बाद में मुचलकों पर छोड़ा
कोंच-उरई। यूपी में जहरीली शराब से जब मौतों का सिलसिला शुरू होता है तभी पुलिस और आबकारी विभाग इधर उधर छापेमारी करके थोड़ी बहुत शराब की बरामदगी की नौटंकी करके अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर लेती है और फिर से जीवन की गाड़ी चल निकलती है। पिछले दिनों एटा में जहरीली शराब से हुई मौतों का सिलसिला अभी थमा नहीं है और अब तक दो दर्जन जिंदगियां असमय ही काल के गाल में चली गई हैं। उक्त घटना के बाद अचानक पुलिस में करंट दौड़ा और यहां भी छापेमारी शुरू की गई जिसमें आज महेशपुरा रोड स्थित कबूतरा डेरा पर पड़े छापे में हजारों लिटर लहन नष्ट किया गया तथा तकरीबन दो सौ लिटर कच्ची शराब की बरामदगी के साथ दो महिलायें भी गिरफ्तार की गईं। पिछले पांच सप्ताह के भीतर यह दूसरी बड़ी पुलिस कार्यवाही है।
गुजरी 13 जून को यहां कसाई मंडी इलाके में जहरीली शराब से एक युवक की मौत के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने 15 जून को कबूतरा डेरों पर बड़ी कार्यवाही करते हुये तकरीबन दस हजार लीटर लहन व तैयार शराब को तहस नहस कर दिया था। अब एटा की घटना के बाद एक बार फिर से पुलिस में करंट दौड़ा और ऑपरेशन में महेशपुरा रोड स्थित कबूतरा डेरों पर फिर छापेमारी की गई। सीओ अवधेश कुमार शुक्ल की अगुवाई में एसएसआई अजय कुमार सिंह, सागर चैकी इंचार्ज दरोगा रवीन्द्र कुमार त्रिपाठी, इलाकाई खेड़ा चैकी इंचार्ज ब्रजेश यादव ने भारी पुलिस फोर्स के साथ डेरों पर पहुंचे और छानबीन शुरू कराई। पालिका से मंगाई गई जेसीबी की मदद से जमीन में गाड़ कर छिपाये गये कच्ची शराब के ड्रम और बोरियों में रखे गये शराब के पाउच निकलवाये गये। पुलिस के मुताबिक तकरीबन दो सौ लिटर शराब बरामद की गई है और तीन हजार लिटर लहन मौके पर नष्ट करने के साथ दो महिलायें भी गिरफ्तार की गई हैं। इन महिलाओं को बाद में आइंदा यह धंधा नहीं करने की हिदायत के साथ मुचलके पर छोड़ दिया गया। मौके पर मिले लगभग तीन हजार लिटर लहन वहीं नष्ट करवा दिया। हालांकि पिछली बार की तुलना में कबूतरों का काफी कम नुकसान हुआ था जिसे कबूतरा महिलायें आराम से झेल गईं वरना फिदली दफा बड़ा नुकसान देख बिफरी महिलायें पुलिस के साथ मजाहमत तक पर आमादा हो उठी थीं। मौके पर देखा गया कि जमीन में ही गड्ढा खोद कर प्लास्टिक की पन्नी उसमें बिछा कर लहन सड़ाया जा रहा था जिसे पुलिस ने मिट्टी में ही दफन कर दिया। इतना ही नहीं, वहां एक टप्पर के नीचे धधक रही भट्ठी को तहस नहस करने के साथ ही पुलिस ने टप्पर को नेस्तनाबूद कर उसमें आग लगा दी। अबैध शराब के बड़े कारोबार के फलने फूलने को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लगते रहे हैं। इस समूचे ऑपरेशन में राजाभैया, श्रीप्रकाश यादव, कल्याणसिंह राजपूत, महिला कांस्टेबिल नमन, कुसुमलता तिवारी, खुर्शीद, गौरव सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
…छापे में पुलिस के हत्थे केवल महिलायें ही चढती हैं
कबूतरा डेरों पर पुलिस रेड जब भी पड़ी, मौके पर सिर्फ महिलायें और बच्चे ही पाये जाते हैं। कबूतरा समुदाय के पुरुष शायद ही पिछले बीस साल के इतिहास में एकाध बार हाथ आये हों। इस स्थिति को देखते हुये पुलिस जब भी छापेमारी करने जाती है, महिला कांस्टेबिलों को जरूर ले जाती है ताकि किसी भी बिषम परिस्थिति से यदि गुजरना ही पड़े तो स्थिति का सामना किया जा सके। गौरतलब है कि पुलिस पचासों बार इस तरह की कार्यवाहियां कर चुकी है लेकिन अबैध शराब का यह कारोबार कभी भी बंद की कौन कहे, कम तक नहीं हुआ। आज भी मारे गये छापे के दौरान केवल महिलायें और बच्चे ही मौके पर मिले। इस गोरखधंधे पर मुस्तकिल रूप से लगाम लगाने की दिशा में पुलिस के हाथ बंधे हैं क्योंकि इन कबूतरों ने जमीन खरीद कर यहां बढिया पक्के मकान बना लिये हैं और सुख सुविधा के सभी जरूरी संसाधन भी इन्होंने जुटा रखे हैं लिहाजा यहां से इनके डेरे हटाये भी नहीं जा सकते हैं। फ्रिज, कूलर, टीवी, डी टु एच, बाशिंग मशीन जैसी चीजें इनके घरों में जरूरत के मुताबिक मौजूद हैं और ये सब इसी अवैध शराब के कारोबार की बदौलत है।
निरंतर होती रहेंगी इस तरह की कार्यवाहियां-सीओ
आज की छापामार कार्यवाही हालांकि एटा की घटना के संदर्भ में मानी जा रही है लेकिन सीओ अवधेश कुमार शुक्ल इसे रुटीन कार्यवाही बता रहे हैं। उनका कहना है कि जब भी उन्हें अबैध शराब के निर्माण या बिक्री की कोई सूचना मिलती है, वह कार्यवाही करते हैं। गत माह भी इस मरह का बड़ा अभियान चलाया गया था और अभी दो दिन पूर्व ही साठ लीटर अवैध शराब बरामद की थी। उन्होंने इस कार्यवाही को सामयिक मानने से इंकार करते हुये कहा कि वह निरंतर कार्यवाहियां कर रहे हैं और इलाके में इस तरह का कारोबार करने बालों को टिकने नहीं दिया जायेगा।







Leave a Reply