कोंच-उरई। बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे दयाशंकर सिंह की अभद्र टिप्पणी के खिलाफ प्रदर्शन के लिए हालांकि बड़े नेता और आला संगठनकर्ता लखनऊ में प्रदर्शन के लिये यहां से रात में ही रवाना हो गये थे और आज वहां प्रदर्शन भी हुआ तथा अभद्र टिप्पड़ी करने वाले दयाशंकर के खिलाफ पार्टी ने अनुशासनात्मक कार्यवाही भी लगे हाथ कर ही दी है, लेकिन बौखलाये बसपाई यहां अपनी भड़ास निकालने के लिये सड़कों पर आ गये। सुबह से बसपाई नदीगांव रोड स्थित अशोका मैरिज हॉल में इकटठे हो गए थे जहां से नारेबाजी करते हुये वे मारकंडेयश्वर तिराहे पर पहुंचे और वहां जाम लगा दिया। हालांकि बाद में पुलिस के हस्तक्षेप के बिना ही उन्होंने अपना प्रदर्शन शांत कर दिया।
बसपा सुप्रीमो मायावती पर अभद्र टिप्पणी करने वाले दयाशंकर सिंह को भाजपा ने पहले सभी पदों से हटाने का काम किया और बाद में इसे नाकाफी मानते हुये उन्हें पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। सिंह ने मंगलवार को मऊ में एक कार्यक्रम में मायावती को लेकर अभद्र टिप्पणी की थी। बुधवार को इस बयान के वायरल होने के बाद जमकर हंगामा कटा। इस मामले में विवाद खड़ा होने पर हालांकि दयाशंकर सिंह ने माफी भी मांग ली थी, लेकिन इससे दलितों में भाजपा को लेकर नाराजगी अभी खत्म नहीं हुई है। गुरुवार को सैकड़ों बसपाई यहां नदीगांव रोड पर अशोका मैरिज हॉल पर एकत्रित हुये और वहां से जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुये मारकंडेयश्वर तिराहा पर आये जहां उन्होंने जाम लगा कर मायावती के खिलाफ टिप्पड़ी को जहां आपत्तिजनक करार देते हुये दयाशंकर सिंह के खिलाफ कठोर कार्यवाही की मांग की, तो वहीं गुजरात में दलितों के खिलाफ उत्पीडन को भी मुद्दा बनाया। एकाध घंटा हो हल्ला करने के बाद बिना पुलिस के हस्तक्षेप के ही यह प्रदर्शन खत्म हो गया। इस दौरान पार्टी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष जितेन्द्र राय अहिरवार, उमाचरण कुशवाहा, पूर्व जिपं सदस्य कन्हैयालाल कुशवाहा, रमाकांत चैधरी, महेन्द्र बाल्मीकि, नितिन तिवारी, आनंद चैधरी, सतीश चैधरी, राजबाबू, नरेन्द्र बाल्मीकि, दीपू बाल्मीकि, मानवेन्द्र पटेल, रामसिंह जाटव, चैधरी रामसेवक, बैजनाथ, राजकुमार पडरया, भूरे, नईम, आफताब, राजकुमार फुलैला, उदय अहिरवार, अशोक ताहरपुरा, राव वीरेन्द्र, मुन्ना परदेशी, आशीष, लता, उरईबाली, रामकुमारी, शीलादेवी, मीनादेवी, कालपीबाली सहित तमाम लोग मौजूद रहे।







Leave a Reply