उरई। जिला पंचायत की बबीना सीट के उपचुनाव के लिए प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गईं हैं। जिला विकास अधिकारी आरएस गौतम ने इसके लिए बैठक की। इस जिला पंचायत क्षेत्र में 3 हजार 776 मतदाता नये सदस्य का चुनाव करेंगे। संभवतः इस क्षेत्र से चुने जाने वाले सदस्य को ही एक बार फिर जिला पंचायत अध्यक्ष बनने का मौका मिलेगा।
जिला पंचायत की दिवंगत अध्यक्ष फरहा नाज इस सीट से निर्वाचित हुईं थीं। कहा जाता है कि जीवन कभी-कभी उपन्यास और फिल्मों से ज्यादा नाटकीय होता है। फरहा नाज के मामले में यह कहावत पूरी तरह खरी उतरती है। कैंसर की मरीज होने के बावजूद परिवार के लोगों ने उन्हें जिला पंचायत का सदस्य निर्वाचित कराया। इसके बाद उन्हें अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया गया। जिला पंचायत के नये सदन में किसी दल का बहुमत न होने की वजह से फरहा नाज के घर के लोगों को सदस्यों को सैट करने में भारी-भरकम खर्चा करना पड़ा। आखिरी में फरहा नाज निर्वाचित हुईं तो जमकर उनकी जीत का जश्न मनाया गया।
लग रहा था कि वक्त मौत को भेजने के पहले इतिहास में उनका नाम लिखवाने का खेल खेल रहा था। फरहा नाज की जीतने के बाद शपथ भी हो गई इस बीच उपचार से वे इतनी तरोताजा हो गई थीं कि लोग इस मुगालते में हो गये थे कि अब वे जिंदगी पार कर लेंगी। खुशमिजाज फरहा नाज की रहनुमाई में जिला पंचायत के बेहतर कार्य संचालन की उम्मीद में भी कोई कसर नही थी। शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने पहली बैठक भी सदस्यों के साथ कर ली थी। इसी के साथ वक्त ने उनको दी गई मोहलत अचानक छीन ली और मुंबई में उनके निधन की खबर आई तो सारा जिला जैसे सन्न रह गया।
फरहा नाज के बाद तीन सदस्यीय तदर्थ समिति को जिला पंचायत की बागडोर सौंप दी गई थी। कई महीनों तक बबीना सीट और जिला पंचायत अध्यक्ष के नये चुनाव की सुध नही ली गई। इस कारण लोग उत्सुक थे कि चुनाव कब होगा। आखिर गुरुवार को राज्य चुनाव आयोग ने बबीना सीट के उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित करके सारी उत्सुकताओं का अंत कर दिया।
इसी के लिए चल रही चुनाव तैयारियों के क्रम में आज हुई बैठक में बताया गया कि बबीना क्षेत्र के लिए 54 बूथ बनाये गये हैं। चुनाव के लिए कालपी के एसडीएम जोनल मजिस्ट्रेट रहेंगे। सिटी मजिस्ट्रेट और उप जिलाधिकारी सदर को इसमें एआरओ जबकि एडीएम को आरओ नियुक्त किया गया है। 25 जुलाई को जोनल और सभी सैक्टर की बैठक होगी। बबीना क्षेत्र के लिए 7 सैक्टर बनाये गये हैं।







Leave a Reply