
कोंच-उरई। बीती रात ग्राम कौशलपुर में गमजदा एक परिवार में थोड़ी देर के लिये बाबा और पोते के बीच हुये हंसी ठट्ठे में तमंचे से गोली चल गई जिसमें बाबा घायल हो गया। घायल को सीएचसी कोंच से गंभीर हालत में झांसी रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है, घायल के बेटे की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कौशलपुर में शक्तिदर्शन के पिता फकीरे अहिरवार का निधन गुजरी सत्रह जुलाई को हो गया था। घर के लोग त्रयोदशा के इंतजामों में लगे थे। इसी बीच बीती रात शक्तिदर्शन अपने चचेरे बाबा भोलाराम के समीप गया, उसके हाथ में एक तमंचा था। बाबा ने तमंचा दिखाने के लिये कहा, इसी बीच शक्तिदर्शन ने तमंचा खोलने का उपक्रम किया। चूंकि तमंचा लोडिड था सो गोली चल गई और सीधे बाबा की कमर में घुस गई जिससे वह घायल हो गया। इस गोली चलने की सूचना रात में किसी व्यक्ति ने कोतवाली पुलिस को दे दी जिस पर कोतवाल मनवीर सिंह एसएसआई अजय कुमार सिंह, सागर चैकी इंचार्ज रवीन्द्र कुमार त्रिपाठी, खेड़ा चैकी इंचार्ज ब्रजेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर जा पहुंचे और घायल को सीएचसी में भर्ती कराया तथा आरोपी शक्तिदर्शन को हिरासत में ले लिया, तमंचा भी मौके से बरामद कर लिया है। घायल को गंभीर हालत में पहले उरई फिर झांसी रेफर किया गया है। भोलाराम के बेटे देशराज की तहरीर पर शक्तिदर्शन के खिलाफ आईपीसी की धारा 307 में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।







Leave a Reply