उरई। सलाघाट में मित्रों के साथ नहाने गये छात्र तन्मय के बेतवा में डूब जाने के मामले में उसके परिजनों ने लगभग सौ-डेढ़ सौ लोगों की भीड़ के साथ एसपी आवास पर पहुंचकर हंगामा किया और पुलिस अधीक्षक से तन्मय का शव बरामद कराने की मांग की।
तन्मय तीन अन्य मित्रों के साथ स्कूल जाने की कहकर सलाघाट पर पिकनिक मनाने चला गया था। उसके मित्रों के मुताबिक वह गहरे पानी में चला गया। उसको डूबता देखकर वे लोग चिल्लाये तो आसपास के लोग जमा हो गये लेकिन नदी इतनी चढ़ी हुई थी कि किसी की उसे बचाने के लिए नदी में कूंदने की दम नही पड़ी। कोटरा एसओ को सूचना मिली तो वे भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तन्मय की नदी में तलाश करवाने का प्रयास किया लेकिन उनको भी कामयाबी नही मिल पाई।
लेकिन तन्मय के परिजन उसके मित्रों के बयान से संतुष्ट नही हैं। वे पुलिस को प्रार्थना पत्र दे चुके हैं कि उसके मित्र उसे अगवा करके ले गये थे बाद में उन्होंने उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने अभी इस शिकायत को दर्ज नही किया है। परिजन तन्मय का शव बरामद कराने पर भी जोर दे रहे हैं तांकि पोस्टमार्टम से हकीकत सामने आ सके। पुलिस पर इसके लिए दबाव बनाने की गरज से उन्होंने आज मोहल्ले के लोगों के साथ एसपी का उनके आवास पर घेराव कर लिया। एसपी ने उन्हें नरमी से शव बरामद कराने के लिए हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया तो वे कूल डाउन हो गये।







Leave a Reply