0 पूर्व माध्यमिक विद्यालय कोंच में अभिभावक गोष्ठी एवं नामांकन मेला आयोजित
konch1कोंच-उरई। एमएसडीपी योजना के तहत आईएल एंड एफएस एजूकेशन लिमिटेड द्वारा संचालित स्कूल लीप प्रोजेक्ट में नामांकन हेतु पूर्व माध्यमिक विद्यालय कोंच में अभिभावक गोष्ठी एवं नामांकन मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत खंड शिक्षा अधिकारी अजित कुमार यादव द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। तत्पश्चात् आयोजक संस्था के जिला समन्वयक मोहित दुवे ने बताया कि भारत सरकार और यूपी सरकार के इस संयुक्त उपक्रम में सूबे के 35 जिलों के 300 विद्यालय चयनित किये गये हैं जिसमें कोंच तहसील के पूर्व माध्यमिक विद्यालय कोंच, अमीटा तथा इंटर कॉलेज सिमिरिया हैं। सूचना और तकनीक के इस युग में कम्प्यूटर की उपादेयता को सभी ने स्वीकार किया है। कम्प्यूटर शिक्षा से न केवल बच्चों का सर्वांगीण विकास होगा बल्कि उनका पढाई के प्रति रुझान भी बढेगा और नामांकन अधिक होने की उम्मीद की जा सकती है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनोद कुमार सोनी ने बताया कि इस योजना से बच्चों तथा अभिभावकों को विद्यालय तक लाने में काफी मदद मिलेगी, आईएल एंड एफएस संस्था का प्रयास सराहनीय है। इस दौरान नये प्रवेशों को लेकर प्रवेश महोत्सव मनाया गया जिसमें अभिभावक गोष्ठी की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक विनोद कुमार सोनी ने की। खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि लोगों को यह समझाने की आवश्यकता है कि प्राइवेट स्कूलों से ये सरकारी स्कूल कई गुना बेहतर हैं जहां निरूशुल्क शिक्षा के अलावा यूनीफॉर्म और मध्यान्ह भोजन की भी व्यवस्था सरकार की ओर से की गई है। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को अपने बच्चों के नामांकन इन सरकारी स्कूलों में कराने के लिये समय समय पर जागरूकता रैलियों का भी सहारा लिया जा रहा है। संचालन शिक्षक संजय सिंघाल ने किया। इस दौरान नदीगांव ब्लॉक के प्राथमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष इंद्रपालसिंह गुर्जर, केके यादव, संगीता अग्रवाल, राममूर्ति मिश्रा, मनीष कुमार निरंजन सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply