उरई। जिला पंचायत की बबीना सीट के उपचुनाव में नामांकन के लिए कलेक्ट्रेट में गुरूवार को जबर्दस्त गहमा-गहमी रही। दिवंगत जिला पंचायत अध्यक्ष फरहा नाज की ननद आसना खातून के लिए हमदर्दी को धता बताकर दूसरी पार्टियों के ही नही समाजवादी पार्टी के लोगों ने भी उनके सामने पर्चा भरने से परहेज नही किया। दूसरी ओर भाजपा के बैनर तले कालपी के पूर्व विधायक स्व. वीरसिंह बबीना की पुत्र वधू ने पूरे तामझाम के साथ पर्चा भरा। उनके डमी के रूप में उनकी सास ने भी नामांकन किया है। ज्यादातर उम्मीदवार इस सीट से जिला पंचायत में इंट्री लेकर अध्यक्ष पद पर दावेदारी ठोकने का मन बनाये हुए हैं जिसकी वजह से मुकाबला कठिन होने के आसार अभी से नजर आ रहे हैं।
जिला पंचायत की बबीना सीट पर उपचुनाव में नामांकन के पहले दिन दस पर्चे भरे गये। यह सीट वैसे तो सामान्य है लेकिन महिला आरक्षित अध्यक्ष पद के लिए निगाह जमी होने की वजह से दिग्गजों ने खुद को पीछे करके घर की महिलाओं को उम्मीदवारी के लिए आगे बढ़ाया है।
फरहा नाज की विरासत को परिवार के कब्जे में बहाल बनाये रखने के लिए सबसे मुख्य पर्चा उनकी ननद आसना खातून पत्नी राशिद खातून का भरा गया। उनके पर्चे दो सैट में दाखिल किये गये। नामांकन जुलूस में पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी और सपा जिलाध्यक्ष धीरेंद्र यादव शामिल रहे। इसके बावजूद अन्य सपाइयों ने भी मुकाबले में पर्चा भरने में कोई ढील नही बरती। तिरही गांव के चर्चित व्यक्तित्व विजय सिंह की पुत्र वधुओं नीलम और वर्षा व उनके पुत्र निर्दोष यादव और पत्नी महादेवी ने नामांकन दाखिल किये। सपा के एक और क्षेत्रीय हैवीवेट परमानंद यादव ने भी अपनी पत्नी विनीता का नामांकन कराया। तिरही के ही राधेश्याम व जयपुरा के अजीत कुमार ने भी पर्चा भरा।
उधर भाजपा ने स्व. वीरसिंह बबीना की पुत्र वधू प्रेरणा पत्नी विशाल सिंह का नामांकन पूरे दमखम के साथ कराया। उनके साथ ही उनकी सास कमलेश कुमारी पत्नी प्रद्युम्न सिंह का भी पर्चा भरा गया। नामांकन जुलूस में भाजपा जिलाध्यक्ष उदयन पालीवाल, लाल सिंह चैहान, डाॅ. गिरीश, लक्ष्मण दास बाबानी, दिवाकर शास्त्री, देवेंद्र यादव, अनुराग दाऊ, जगदीश तिवारी, राजेंद्र वर्मा पुर और जिला पंचायत सदस्य पुष्पेंद्र सिंह सेंगर शामिल रहे। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष उदयन पालीवाल ने कहा कि इस बार पार्टी ने प्रेरणा को जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी दिलाने की रणनीति का ताना-बाना बुना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ राजनीतिक परिवार की होने की वजह से प्रेरणा के अध्यक्ष बनने पर जिला पंचायत में गंदगी काफी हद तक दूर की जा सकेगी।







Leave a Reply