28orai03 28orai04उरई। बीहड़ से संसद तक का सफर तय करने वाली फूलन देवी के शहादत दिवस पर गोरखपुर में उनकी प्रतिमा स्थापित करने से रोकने के कारण मचले तूफान की दस्तक उनके गृह जनपद तक पहुंच गई है। निषाद समाज द्वारा इसके लिए कलेक्ट्रेट में आयोजित विरोध प्रदर्शन में निषाद राज लिखी लाल टोपियां लगायें महिलाओं और पुरुषों का हुजूम उमड़ पड़ा। एक अनाम सी पार्टी के बैनर तले हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में जुटी निषाद समुदाय की भीड़ जिले में मजबूत वजूद रखने वाले राजनैतिक दलों को चैकानें वाली रही।
फूलन देवी के नाम का तहलका उनकी हत्या के इतने सालों बाद भी जिले में कमजोर नही पड़ा है। नवोदित निर्मल इंडियन शोषित हमारा दल नाम की पार्टी ने उनके बहाने कलेक्ट्रेट में पहला प्रदर्शन किया जिसमें निषाद समाज के लोगों का रैला उमड़ पड़ा। प्रदर्शनकारियों के निशाने पर मुख्य रूप से भाजपा के मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशियों में सबसे ऊपर समझे जा रहे योगी आदित्यनाथ रहे। हालांकि प्रदर्शनकारी समाजवादी पार्टी मुर्दाबाद और अखिलेश यादव मुर्दाबाद के नारे लिखी तख्तियां भी थामें हुए थे। जुलूस की अगुवाई कर रहे जितेंद्र सिंह निषाद ने बताया कि गत् 25 जुलाई को फूलन देवी के शहादत दिवस पर गोरखपुर के बारागाड़ा में उनके अनुयायियों ने 30 फीट ऊंची फाइबर प्रतिमा स्थापित करने की रूपरेखा बनाई थी लेकिन योगी आदित्यनाथ के दबाव में प्रशासन ने इस पर रोक लगा दी। इससे पूरे प्रदेश में विरोध की चिंगारी सुलग उठी है। उन्होंने कहा कि हम लोग ज्ञापन देकर इसके लिए जिम्मेदार गोरखपुर के अधिकारियों के खिलाफ एक्शन की मांग प्रदेश सरकार से कर रहे हैं।
इसी के साथ ज्ञापन में उन्होंने पीस पार्टी के अध्यक्ष डाॅ. अयूब के खिलाफ दर्ज मुकदमों को योगी आदित्यनाथ के प्रशासन पर प्रभाव से जोड़ते हुए सारे मुकदमें खत्म करने की मांग की। साम्प्रदायिक माहौल बिगाड़ने के कारण प्रदर्शनकारियों ने हिंदू युवा वाहिनी पर रोक की मांग भी अपने ज्ञापन में उठाई। प्रदर्शनकारियों में सूरज सिंह, चंद्रशेखर, देशराज, गजन बाबू, सुरेश, कमलेश, राकेश कुमार आदि शामिल रहे।

Leave a Reply