उरई। जिला जेल में शनिवार की रात प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। अचानक एडीएम और एसपी सहित कई अधिकारियों ने एक साथ जेल के अंदर तलाशी करवाई जिससे जेल में हड़कंप मच गया। तलाशी की कार्रवाई का प्लान कितने व्यापक तौर पर तैयार किया गया था इसका अंदाजा आधा दर्जन थानों की फोर्स और पीएसी को इसमें जुटाये जाने से लगाया जा सकता है। चार घंटे तक तलाशी चली। जेल का कोना-कोना प्रशासन ने छान मारा। इतनी गहन तलाशी से पूरा जेल प्रशासन पसीना-पसीना हो गया। तलाशी में कई मोबाइल फोन और चार्जर आदि बरामद किये गये। इस बरामदगी से अंदाजा लगाया जा रहा है कि जेल के स्टाॅफ पर इसे लेकर बड़ी गाज गिरेगी।
जिला जेल के अंदर हत्या, मिटटी का तेल डालकर जलाये जाने और कैदियों के बीच संघर्ष में हथियारों के प्रयोग जैसी सनसनीखेज घटनाएं कई बार हो चुकी हैं। जिसकी वजह से उरई जेल को भी प्रदेश की अत्यधिक संवेदनशील जेल में शुमार किया जा चुका है। इसी के मददेनजर लोगों ने ऊपर तक यह खबरें पहुंचाई कि जेल में बंद कुछ शातिर अपराधी अंदर से ही रंगदारी वसूली और हत्या के लिए सुपारी लेने जैसी कारगुजारियां अंजाम दे रहे हैं। हालांकि इन शिकायतों के पीछे राजनीतिक अदावत का भी कोण माना जा रहा है।
शिकायत यह भी थी कि जेल स्टाॅफ अपनी आमदनी के लिए इसमें पूरा सहयोग दे रहा है। अभी तक दिन में डीएम, एसपी कभी कभार आकस्मिक निरीक्षण कर लेते थे जिसको देखते हुए दिन में जेल स्टाॅफ सतर्कता बरतता था लेकिन रात में तलाशी हो सकती है इसका गुमान जेल स्टाॅफ को बिल्कुल नही था। इसलिए प्रतिबंधित सामान जेल से गायब नही कराया जा सका। 9 मोबाइल, कई बैटरियां व 10 चार्जर बरामद होने से जेल स्टाॅफ बेनकाब हो गया और यह बात उजागर होकर सामने आ गई कि जेल के अंदर से गिरोह के संचालन की खबरों में किस तरह पूरी सच्चाई है।
जेल स्टाॅफ इस छापेमारी के परिणाम को लेकर सांसत में हैं। हालांकि छापा शुरू होते ही स्टाॅफ कई बंदियों के पास नशीली सामग्री और तमंचा, रिवाल्वर आदि असलहों की मौजूदगी को मैनेज करने में कामयाब हो गया। वरना जेल स्टाॅफ के गले में कार्रवाई का शिकंजा और बुरी तरह जकड़ गया होता।







Leave a Reply