उरई। नगर विकास मंत्री आजम खां के मुरादाबाद में बिगड़े बोल पूरे प्रदेश में लेखपालों को उनके खिलाफ सड़क पर उतरने का सबब बन गये हैं। जिला मुख्यालय पर भी लेखपाल यूनियन ने उनके खिलाफ सभा की जिसमें उनके द्वारा लेखपालों के लिए बोले गये अपशब्दों की जमकर निंदा की गई।
नगर विकास मंत्री आजम खां के गुस्से का जबाव नही है। उनके विभाग के अधिकारी और कर्मचारी तो उनसे त्रस्त हैं ही, उनके गृह जनपद रामपुर में इसी कारण कोई अधिकारी और कर्मचारी आसानी से जाने को तैयार नही होता। लेकिन अन्य विभागों का कैडर भी उनके गुस्से की चपेट में आने से नही बच पा रहा। गत् दिनों मुरादाबाद में उनके गुस्से के निशाने पर लेखपाल जा चढ़े। उन्होंने समूचे लेखपाल संवर्ग के लिए तमाम आपत्तिजनक बातें कह डाली। जिसके बाद प्रदेश भर में आज लेखपालों ने उनकी मुर्दाबाद की।
इस क्रम में लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष शत्रुघन सिंह की अध्यक्षता में एक सभा तहसील सभागार में हुई जिसका संचालन दिनेश बाबा ने किया। इसमें मुख्यमंत्री से मांग की गई कि बेहूदा शब्दावली के इस्तेमाल के लिए आजम खां को वे मंत्रीमंडल से हटायें। रामराज सिंह राजपूत, ओमप्रकाश द्विवेदी, कमलेश कुमार, रमेश चंद्र पचैरी, रामकिशोर गुप्ता, दिगविजय सिंह, राजकुमार श्रीवास्तव, शिवभजन, रामरतन, शंकर शरण शास्त्री, विजय सिंह, दिनेश गुप्ता, सत्य प्रकाश राठौर, पुष्पेंद्र पाण्डेय, अमरदत्त, पन्नालाल, प्रमोद पाठक, हरीमोहन आदि उपस्थित रहे।






Leave a Reply