उरई। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य एमके सिंह की भड़के हाथी जैसी बेकाबू हरकतें किसी दिन बड़े बवाल का कारण बनने वाली हैं। मंगलवार को उनके व्यवहार से आहत छात्र-छात्राओं ने एक बार फिर कलेक्ट्रेट आकर जिले के अधिकारियों के सामने गुस्सा जताया और उनके खिलाफ ज्ञापन सौंपा।
आईटीआई के नये प्रिन्सिपल ने पूत के पांव पालने में ही दिखा दिये थे। उनकी आवेदक छात्रों से पुलिस वैरिफिकेशन कराने की जिद को लेकर प्रवेश के अंतिम दिन आईटीआई में भारी बवाल हुआ था और स्थिति शांत करने के लिए वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को पहुंचना पड़ा था। उनके फटकारने के बावजूद कुत्ते की दुम की साख बनाये रखने के लिए प्रधानाचार्य ने अपनी हठधर्मी आदत से कोई समझौता न करने का फैसला कर लिया। ताजा वाकया यह है कि एक-दो दिन पहले अंतिम सत्र पूरा कर चुके छात्र उनसे अप्रेटिंसशिप के लिए भेंट करने गये थे जिसमें वे हत्थे से उखड़ गये। उन्होंने छात्रों को जिन गालियों से नवाजा उन्हें लिखना संभव नही है। लेकिन छात्र इससे बहुत ज्यादा उद्वेलित हैं। खासतौर से कई लड़कियों के अभिभावकों को तो उन्हें डिप्रेशन में जाने से रोकने के लिए उनकी कई घंटे कांउसलिंग करनी पड़ी।
छात्र-छात्राओं ने आज इसकी शिकायत कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी कार्यालय में की हालांकि तहसील दिवस में कालपी होने की वजह से जिलाधिकारी उपस्थित नहीं थीं लेकिन उन्हें पहले से ही प्रधानाचार्य के रवैये की जानकारी है। इसलिए इस शिकायत के बाद वे उनके खिलाफ कौन-सा जबर्दस्त एक्शन लेती हैं यह देखने वाली बात होगी।
शिखा वर्मा, सुल्ताना, रागिनी वर्मा, ऋतु गुर्जर, दीप्ति शर्मा, हिना, परमात्माशरण, प्रभात सोनी, राजबहादुर, योगेश कुमार, राहुल वर्मा, अर्पित कुमार, हरीश यादव, शैलेंद्र गौतम, कृष्ण कुमार, महाराज सिंह, शिव सोनी, अनिल कुमार, अमित शर्मा, पदम सिंह चैहान आदि छात्र ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से शामिल हैं।







Leave a Reply