?????????????

जालौन-उरई। पूर्व पालिकाध्यक्ष व क्रांतिकारी नेता राधेश्याम इटहिया की छठीं पुण्यतिथि पर बुंदेलखंड मुक्ति मोर्चा के तत्वावधान में स्थानीय बस स्टैंड पर एक कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रृद्धांजलि दी गई तथा उनके कृत्यों को याद किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मोर्चा के अध्यक्ष बाबूलाल तिवारी तथा राष्ट्रवादी जनतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डाॅ. दिलीप वर्मा ने स्व. श्री इटहिया को श्रृद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र पिछड़ा हुआ नहीं है। बल्कि राजनेता अपने स्वार्थवश इस क्षेत्र को पिछड़ा हुआ बनाए हैं। बुंदेलखंड में पहाड़ों को खोदकर प्रतिदिन हजारों ट्रक गिट्टी निकाली जा रही है। परंतु इस क्षेत्र की सड़कों की दशा सुधारने के लिए गिट्टी नहीं है। इस क्षेत्र की नदियों से प्रतिदिन हजारों ट्रक बालू भी निकाली जा रही है। लेकिन इस क्षेत्र की दशा सुधारने के लिए मोरम भी नहीं मिल रही है। अस्पतालों में दवा नहीं है, अच्छे उपकरण नहीं है। बिजली, सफाई व शिक्षा व्यवस्था का भी बुरा हाल है। यह सब हमारी राजनैतिक चेतना के अभाव में हो रहा है। इसलिए अलग बुंदेलखंड राज्य का निर्माण होना आवश्यक है। वहीं, समाजसेवी जाहिद उल्ला अंसारी ने कहा कि स्व. श्री इटहिया जी न सिर्फ पालिकाध्यक्ष रहे बल्कि वह अपने जीवन काल में सर्वप्रिय क्रांतिकारी नेता भी रहे हैं। उनके समय में नगर में जो विकास कार्य हुए उन्हें आज भी याद किया जाता है। वह हमेशा मुखरवादी रहे तथा जो कार्य गलत हो उसका उन्होंने मुखर विरोध भी किया। उनकी ईमानदार छवि का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वह पालिकाध्यक्ष होने के बावजूद अपने लिए एक घर तक नहीं बना सके। कार्यक्रम का संचालन महेश चैधरी ने किया। इससे पूर्व मोर्चा कार्यकर्ताओं द्वारा नगर के विभिन्न मार्गाें से होकर एक जुलूस भी निकाला गया। इस मौके पर साधु राधेश्याम योगी, जाहिद उल्ला अंसारी, प्रदुम्न दीक्षित, पूरन सिंह जाटव, वसीम हक, राहुल बाबा, अक्षत चंसौलिया आदि सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Leave a comment