04orai02उरई। आजमगढ़ में कांग्रेस नेता शीला दीक्षित को काले झंडे दिखाते हुए ओलमा कौंसिल की युवा शाखा के प्रदेश अध्यक्ष व अन्य नेताओं की गिरफ्तारी से यहां पार्टी के लोग भड़क गये हैं। बुंदेलखंड प्रभारी मुबारक खान ने आपात बैठक बुलाकर यूपी पुलिस और कांग्रेस पार्टी की निंदा करते हुए अपने नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में पूरा बुंदेलखंड हिला देने की धमकी दी है।
गौरतलब है कि बटला हाउस इनकाउंटर मामले में कांग्रेस पार्टी की साजिशी भूमिका को बेनकाब करने के लिए राष्ट्रीय ओलमा कौंसिल अभियान छेड़े हुए है। इसी के तहत आजमगढ़ में शिव्ली एकेडेमी में कार्यक्रम को संबोधित करने पहुंचीं दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस पार्टी द्वारा उत्तर प्रदेश के लिए घोषित चीफ मिनिस्टर पद की उम्मीदवार शीला दीक्षित का घेराव कर उन्हें काले झंडे दिखाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने ओलमा कौंसिल की युवा शाखा के प्रदेश अध्यक्ष नूरुलहुदा, नगर अध्यक्ष आजमगढ़ बाबू भाई और युवा नेता मिर्जा दानिश को गिरफ्तार कर लिया।
ओलमा कौंसिल के बुंदेलखंड प्रभारी मुबारक खान ने इसके विरोध में आयोजित बैठक में कहा कि कांग्रेस और उत्तर प्रदेश की सरकार को उनकी पार्टी के खिलाफ दमनात्मक कार्रवाई करने की बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि बटला हाउस कांड में बेगुनाहों को मारने वाली पुलिस को सजा दिलाने की बजाय कांग्रेस पार्टी घड़ियाली आंसू बहाती रही। कांग्रेस पार्टी के इस मुसलिम विरोधी रवैये को सामने लाया जायेगा। 19 सितंबर को इस मामले में पूरे प्रदेश में ओलमा कौंसिल के लोग प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन हर जिले में जिलाधिकारी को देंगे।
बैठक में रामसिंह राजपूत, नीरज प्रजापति, तारिक अंसारी, अबरार अहमद, प्रदेश सचिव अब्दुल मजीद नंदी, एहसान, रहीस मलिक, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष मुजीबुर्रहमान और माजिद खान आदि मौजूद थे।

Leave a comment