माधौगढ़-उरई। बंगरा स्टैण्ड पर बस से उतरी युवती के साथ सरेबाजार शोहदे ने जबर्दस्ती का प्रयास किया। युवती ने गुस्से में युवक को एक चांटा रसीद कर दिया। हंगामा होता देख लोगों की भीड़ जुट गई। जिससे शोहदे और उसके साथियों के हौसले पस्त हो गये। बाद में युवती थाने में पहुंच गई है लेकिन पुलिस ने अभी तक इस मामले को दर्ज कर शोहदे के खिलाफ कार्रवाई का कोई फैसला नही लिया है।
पीड़िता लहार क्षेत्र के एक गांव की निवासी है। बाल्मीकि समुदाय की इस 32 वर्षीय पीड़िता को बंगरा का एक युवक लंबे समय से फोन पर परेशान कर रहा था। युवती के माता-पिता नही हैं और उसका विवाह भी नही हुआ है। लेकिन अपने को अबला समझकर चुपचाप शोहदे की ज्यादतियां सहने की बजाय युवती ने उसे सबक सिखाने का साहस दिखा डाला। युवती ने फोन पर चकमा देकर शोहदे को बंगरा बुला लिया और खुद भी बंगरा चली आई। युवती बस से उतरते ही शोहदे पर बरसने लगी लेकिन शोहदे ने इससे घबराने की बजाय उसे हाथ पकड़कर खीचने का दुस्साहस कर डाला। इस पर युवती ने उसे चांटा मार दिया। जिसके बाद बौखलाये युवक ने उसके साथ मारपीट करने की कोशिश की। शोहदे के दो-तीन और साथी उसके साथ थे। वे भी युवती को मारने दौड़े लेकिन तब तक भीड़ इकटठी हो गई जिससे शोहदे खिसक गये। युवती ने थाने में पहुंचकर इसकी जानकारी पुलिस को दी। युवती का समर्थन करने 40-50 और लोग भी थाने पहुंच गये। इस मामले में कार्रवाई करने को लेकर पुलिस अभी पशोपेश में है। अन्य लोगों को युवती से मिलने नही दिया जा रहा। जबकि लोगों का कहना है कि इस मामले में एक्शन जरूर होना चाहिए। सरेबाजार हुई घटना की भी लीपापोती हो गई तो शोहदों की हिम्मत बहुत बढ़ जायेगी।






Leave a comment