जालौन। उपजिलाधिकारी द्वारा पुलिस क्षेत्राधिकारी की उपस्थिति में तहसील क्षेत्र के ग्राम सदूपुरा में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना एवं उनके निस्तारण के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने गांव का भ्रमण कर वहां कराए गए विकास कार्यों को भी परखा।
उपजिलाधिकारी शीतला प्रसाद यादव द्वारा तहसील क्षेत्र के ग्राम सदूपुरा स्थित पंचायत भवन पर जन चैपाल लगाई गई। इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने बताया कि गांव के प्राथमिक विद्यालय में ड्रेसें आने बावजूद अभी तक बच्चों को ड्रेसों का वितरण नहीं किया गया है। जिस पर उन्होंने प्रधानाध्यापक देवीदयाल को तत्काल ड्रेसों का वितरण कराए जाने के निर्देश दिए। इसके अलावा विद्यालय भवन तथा सामुदायिक भवन में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का भवन भी जर्जर मिला। जिस पर उन्होंने सीडीपीओ व समाज कल्याण निर्माण निगम को भवन की मरम्मत कराए जाने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी अरूण कुमार सिंह ग्राम सुरक्षा समिति गठित कराए जाने के निर्देश दिए। तो वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डाॅ. मुकेश राजपूत व उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने ग्रामीणों को रोगों व उनके बचाव के संबंध में जानकारी भी दी। गांव में तीन हैंडपंप खराब पाए गए। जिन्हें ठीक कराए जाने के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में बिजली तार कई स्थानों पर जर्जर हैं, जिससे कभी भी कोई दुर्घटना हो सकती है। इसके अलावा कोटेदार कार्ड धारकों के साथ अभद्र व्यवहार करता है तथा अपशब्दों का प्रयोग करता है। जिस पर उन्होंने एसडीओ विद्युत व पूर्ति निरीक्षक को मामले की जांच के आदेश दिए। इस मौके पर पुलिस क्षेत्राधिकारी अरूण कुमार सिंह, तहसीलदार सतीशचंद्र वर्मा, सामुदायिक स्वास्थ्य कंेद्र प्रभारी डाॅ. मुकेश राजपूत, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डाॅ. दुष्यंत यादव, ग्राम विकास अधिकारी मनोज कुमार, ग्राम प्रधान बृजेश कुमार, पूर्व प्रधान मुलायम सिंह, नगरी प्रधान अब्दुल शहीद के अलावा ग्रामवासी चंद्रशेखर, राजकुमार, करन सिंह गुर्जर, जसवंत सिंह आदि उपस्थित रहे।






Leave a comment