जालौन। बकरीद व बुढ़वा मंगल के मौके पर मस्जिदों व मंदिरों के आसपास बिजली, पानी व सफाई व्यवस्था व आवारा जानवरों के विचरण को लेकर समाज सेवियों ने एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपकर उनकी समस्याओं के निराकरण की मांग की।
समाजसेवी अशफाक राईन के नेतृत्व में जहांगीर आलम, इब्राहीम सिद्दीकी दाऊ, मौलाना साकिब, इमरान अहमद, जाकिर सिद्दीकी देहली आदि ने उपजिलाधिकारी शीतला प्रसाद यादव को एक ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि इस साल बकरीद का त्योहार व बुढ़वा मंगल का पर्व एक ही दिन पड़ रहा है। जिसके चलते मस्जिदों व मंदिरों में काफी भीड़ रहेगी। इसलिए त्योहार से पूर्व मस्जिदों व मंदिरों के बाहर साफ सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। मुस्लिम भाइयों को बकरीद की नमाज के पहले पानी की काफी जरूरत होगी। इसलिए बिजली विभाग व जलकल विभाग के अधिकारियों को त्योहार के दौरान निर्बाध विद्युत व पेयजल आपूर्ति के लिए निर्देशित किया जाए। तो वहीं, नगर में आवारा सुअरों के विचरण पर कोई रोक नहीं लगाई जा रही है। जिसके चलते नगर में आवारा सुअरों का विचरण काफी बढ़ गया है। जिसके चलते सुअरों से बचकर निकलने में नमाजियों को काफी परेशानी हो रही है। इसलिए नगर में आवारा सुअरों के विचरण पर तत्काल रोक लगाई जाए। उपजिलाधिकारी ने समाजसेवियों को उक्त समस्याओं का निस्तारण कराए जाने का आश्वासन दिया।

Leave a comment