जालौन। गणेश प्रतिमा व नवदुर्गा पर्व पर देवी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए प्रशासन द्वारा ग्राम लौना स्थित सार्वजनिक तालाब की सफाई कराई गई। क्षेत्र की सभी गणेश प्रतिमाओं तथा देवी प्रतिमाओं का इसी तालाब पर विसर्जन किया जाएगा।
प्रशासन द्वारा गणेश प्रतिमा व देवी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए ग्राम लौना स्थित तालाब को चिन्हित किया गया था। पिछले वर्ष उक्त तालाब की ठीक से सफाई न कराए जाने के चलते काफी विवाद भी हुआ था। गणेश चतुर्थी व आगामी नवदुर्गा पर्व को देखते हुए प्रतिमाओं के विसर्जन के समय कोई विवाद न हो इसके लिए प्रशासन द्वारा पहले से ही तैयारी की जा रही है। बुधवार को उपजिलाधिकारी शीतला प्रसाद यादव के निर्देशन में पुलिस क्षेत्राधिकारी अरूण कुमार सिंह, तहसीलदार सतीशचंद्र वर्मा व कोतवाली प्रभारी शिवसागर दीक्षित ने ग्राम लौना स्थित तालाब का निरीक्षण किया। जिसमें तालाब में गंदगी मिलने पर उन्होंने ग्रामीणों की मदद से उक्त तालाब की पूर्ण रूप से सफाई कराई। इसके अलावा उन्होंने तालाब में पानी का स्तर भी देखा, जो ठीकठाक मिला। इस दौरान एसडीएम व सीओ ने संयुक्त रूप से कहा कि प्रतिमाओं के विसर्जन के समय कोई भी विवाद नहीं होने दिया जाएगा। प्रशासन द्वारा इस संबंध में कोई कोताही नहीं करती जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने भक्तों से भी अपील की है। त्योहारों के दौरान शांति बनाए रखें। यदि उनकी कोई समस्या हो तो वह पहले ही उन्हें अवगत करा दें। जिससे समय रहते उनकी समस्याओं का निराकरण कर दिया जाए।






Leave a comment