0 जिला पंचायत अध्यक्ष का किया नागरिक सम्मान
कोंच-उरई। नव निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष सुमन निरंजन ने कहा है कि उन्हें जो गुरुतर दायित्व मिला है वह काफी बड़ा है और इसे बिना जन सहयोग के निभा पाना कठिन है। उनकी प्राथमिकता जिले का समग्र विकास बिना किसी भेदभाव के कराना है और उम्मीद है कि सभी के सहयोग से वह वांछित उद्देश्य को प्राप्त कर लेने में जरूर सफल होंगी। यह बात उन्होंने अपने लिये संजोये गये सम्मान समारोह में कही।
उरई रोड स्थित मां काली गेस्ट हाउस में वरिष्ठ भाजपा नेता शिवप्रसाद निरंजन की अध्यक्षता और पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा मूलचंद्र निरंजन के मुख्य आतिथ्य में जिपं अध्यक्ष सुमन निरंजन और उनके प्रतिनिधि देवेन्द्रसिंह का नागरिक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिपं अध्यक्ष सुमन ने बड़ी ही बेबाकी से कहा कि जिले की जनता से मिले अपार सहयोग की बदौलत ही वह इस मुकाम तक पहुंच सकी हैं, जिले की जनता को निश्चित रूप से उनसे काफी अपेक्षायें होंगी और वह भरोसा दिलाती हैं कि उन अपेक्षाओं के आसपास पहुंचने का वह पूरा प्रयास करेंगी। उनके प्रतिनिधि देवेन्द्र सिंह ने भी कहा कि जनता का भरोसा वह टूटने नहीं देंगे। मूलचंद्र निरंजन ने अपने उद्बोधन में कहा कि जिस लक्ष्य की प्राप्ति सुमन ने की है वह देखने सुनने में भले ही आसान सा लगता हो लेकिन उसके गर्त में अथक परिश्रम और उनके शुभचिंतकों की संवेदनायें छिपी हैं। उन्होंने लोगों को इंगित करते हुये कहा कि यह बात सही है कि सुमन के अपने लोगों की तमाम अपेक्षायें हो सकती हैं लेकिन यदि ये अपेक्षायें व्यक्तिगत न होकर सामूहिक और व्यापक जनहित में हों तो उनको पूरा करने में निश्चित रूप से जिपं अध्यक्ष सफल हो सकेंगी। कार्यक्रम अध्यक्ष शिवप्रसाद निरंजन ने कहा कि अपने अच्छे कामों के बदौलत कोई भी महान बन सकता है लेकिन महानता बनाये रखना बड़ी बात है, सुमन निरंजन ने संघर्ष करके यह पद और प्रतिष्ठा प्राप्त की है और उनकी जिम्मेदारी है कि इस प्रतिष्ठा को अपने कामों से बनाये रखने में वे सफल होंगी। समारोह को मंचस्थ बरिष्ठ भाजपा नेता सुनील शर्मा, शिक्षक सीपी सक्सेना, कृष्णकांत वाजपेयी, बब्बूराजा नरी, डॉ. प्रदीप पनयारा, महेन्द्र निरंजन आदि ने भी संबोधित किया। संचालन अनिल कुमार निरंजन ने किया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. केशव सिंह निरंजन ने जिपं अध्यक्ष सुमन को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इससे पूर्व संध्या परैथा, प्रभादेवी, संतोष कुशवाहा, धीरेन्द्र निरंजन, असित कुशवाहा, रवि कुशवाहा, रूपेश कुशवाहा, प्रह्लाद, राजाराम कुशवाहा, जितेन्द्र निरंजन, गौरव, कामताप्रसाद आदि ने मंचस्थ अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।






Leave a comment