कोंच-उरई । 22 नवंबर की रात कोंच-पहाडग़ांव रोड पर परैथा की पुलिया के पास नहर में गिरे बाइक सवार कृष्णा की खोजबीन का काम फिलहाल मंद पड़ गया है। हालांकि अभी भी उक्त लापता युवक को खोजा नहीं जा सका है लेकिन सर्च ऑपरेशन एक तरह से ठप पड़ गया है। पुलिस और प्रशासन को अब उसके स्वत: ही मिलने का भरोसा रह गया है। हालांकि कोतवाल ने अधीनस्थों को नहर पट्टी पर पेट्रोलिंग करते रहने के निर्देश जरूर दिये हैं, लेकिन गोताखोरों को हटा दिया गया है।
गत 22 नवंबर की रात लगभग नौ बजे पहाडग़ांव की ओर से कोंच आते समय एक बाइक सवार कृष्णा पुत्र कमलेश वर्मा निवासी तिलक नगर कोंच मय बाइक के नहर में जा गिरा था। उस रात से लेकर स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने दमकल कर्मियों और एरच तथा भोगनीपुर से बुलवाये गये गोताखोरों की मदद से कई किमी के दायरे में सर्च ऑपरेशन चलाया लेकिन लापता युवक का कोई सुराग अभी तक हाथ नहीं लग सका है, उसकी बुरी तरह क्षतिग्रस्त बाइक जरूर उसी रात में नहर से बरामद कर ली गई थी। कृष्णा का पता नहीं चल सकने के बाद नाउम्मीदी में सर्च ऑपरेशन की रफ्तार भी मंद पड़ गई है। कोतवाल संजयकुमार गुप्ता का कहना है कि प्रयास जारी है और जल्दी ही कृष्णा को खोज निकाला जायेगा।







Leave a comment