
उरई। टाउनहाल मैदान में रविवार की शाम 11 दिन चलने वाले जालौन महोत्सव का रंगारंग शुभारंभ झांसी मंडल की मंडलायुक्त कुमुदलता श्रीवास्तव ने किया । इस दौरान भव्यता के साथ पूरा परिवेश बुन्देली लालित्य से ओतप्रोत रहा । मंडलायुक्त सहित सभी अतिथि बुन्देली वेशभूषा में साफा पहने हुए उपस्थित रहे । मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों के सम्मान में गायकों ने बुन्देली में ही स्वागत गीत गा कर मन मोह लिया । उद्घाटन समारोह के अंत में आतिशबाजी के शानदार नजारे ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया ।
इस अवसर पर मंडलायुक्त ने कहा कि महोत्सव जिले में सांस्कृतिक चेतना के उन्नयन के नए आयाम स्थापित करेगा जो क्षेत्र और लोगों के गौरव को बढ़ाने के लिए आवश्यक है । उन्होने कहा कि महोत्सव के पहले ही दिन इसकी शानदार झलक पेश कर दी गई है । उन्होने इसकी अभिनव परिकल्पना का श्रेय जिलाधिकारी डॉ मन्नान अख्तर और उनकी टीम को देते हुए कहा कि वे इसके लिए बधाई के पात्र हैं । नगर के प्रथम नागरिक पालिकाध्यक्ष अनिल बहुगुणा सहित कई जन प्रतिनिधि , पुलिस अधीक्षक डॉ अरविंद चतुर्वेदी , अपर जिलाधिकारी प्रमिल कुमार सिंह , जिला विद्यालय निरीक्षक भगवत पटेल आदि मौजूद थे । कालेजों के प्रधानाचार्य और छात्र छात्राओं ने भी उदघाटन समारोह की प्रस्तुतियों में योगदान किया । राकेश निरंजन और संजय सिंघाल ने संचालन किया ।







Leave a comment