
कोंच-उरई । कांग्रेस के प्रदेश संगठन मंत्री तरुण पटेल ने कहा है कि नई पीढी गांधी को भूलती जा रही है, ये स्थिति ठीक नहीं है क्योंकि गांधी ऐसे आंदोलन का नाम है जिसने देश को अंग्रेजी दासत्व से मुक्त कराने में बड़ा योगदान दिया है। युवाओं को अपनी सोच बदलनी होगी और गांधी को आदर्श मान कर देश को विकास की राह पर ले जाना होगा। यह बात उन्होंने यहां कांग्रेसी नेता राजेन्द्र निगम के आवास पर पत्रकारों से बात करते हुये कही।
गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेश कांग्रेस के संगठन मंत्री तरुण पटेल पूरे प्रदेश में जन भागीदारी मार्चपर निकले हैं। 2 अक्टूबर 2018 को लालबहादुर शास्त्री की जन्मस्थली मुगलसरांय चंदौली से यह यात्रा प्रारंभ कर अब तक बत्तीस जिलों का वह दौरा कर लोगों खासतौर पर युवाओं को नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से गांधी के महत्व के बारे में बता चुके हैं। यहां लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद राजेन्द्र निगम के आवास पर पत्रकारों से बात करते हुये उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग या पार्टियां गांधी के नाम पर झूठ बोल कर अपनी राजनीति चमकाने में लगे हैं। उन्होंने परोक्ष रूप से भाजपा पर निशाना साधते हुये कहा कि ऐसे लोग गांधी की हत्या की विचारधारा से आते हैं। ‘कांग्रेस अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के पक्ष में है कि नहींÓ के सवाल पर कांग्रेस संगठन मंत्री अचकचा गये और कहा कि वह ऐसे मसलों पर बात नहीं करना चाहते हैं। उन्होंने तो यहां तक कहा कि अयोध्या के लोग खुद राम मंदिर के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने भाजपा पर देश और समाज को बांटने का आरोप लगाते हुये कहा कि देश को विकास की जरूरत है न कि सांम्प्रदायिक भावनायें भड़का कर अपना उल्लू सीधा करने की। इस दौरान कांग्रेस नगर अध्यक्ष प्रभुदयाल गौतम, अनिल वैद, मिजाजीलाल निरंजन, पालिकाध्यक्षा डॉ. सरिता वर्मा, लालप्रताप सिंह, रामकिशोर पुरोहित, अनिल पटैरया, राघवेन्द्र तिवारी, प्रह्लाद सोनी, अमित रावत, प्रधव मिश्रा, रवि गौतम, वीरेन्द्र ठाकुर, जिलाध्यक्ष पिछड़ा वर्ग मोर्चा रिंकू पटेल सहित तमाम कांग्रेसी मौजूद रहे।







Leave a comment