माधौगढ़-नगर में महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर सभासद नीरज वाल्मीकि के सौजन्य से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वार्ड नंबर एक में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक मूलचंद निरंजन, नगर पंचायत अध्यक्ष राघवेंद्र व्यास,महेश पतराही,प्रिंस द्विवेदी,सभासद अरविंद सेंगर,नीलू कनकने,सभासद रमाकांत राठौर सहित अन्य गणमान्य लोगों ने महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय विधायक मूलचंद निरंजन ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके जीवन से हमें सीख मिलती है कि दृढ़ संकल्प, ज्ञान और आत्मचिंतन के माध्यम से व्यक्ति अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है। उन्होंने अपने जीवन में परिवर्तन कर समाज को ज्ञान, शिक्षा और सदाचार का मार्ग दिखाया तथा रामायण जैसे महान ग्रंथ की रचना कर भारतीय संस्कृति को अमूल्य धरोहर प्रदान की।
विधायक ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का संदेश समाज में समानता, सद्भाव और मानवता की भावना को मजबूत करता है। हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना चाहिए। महापुरुषों की जयंती मनाने का वास्तविक उद्देश्य उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और उनके बताए मार्ग पर चलना है।
नगर पंचायत अध्यक्ष राघवेंद्र व्यास ने महर्षि वाल्मीकि जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महर्षि वाल्मीकि के विचार आज भी समाज को सही दिशा दिखाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान वाल्मीकि समाज के लोगों ने महर्षि वाल्मीकि मंदिर के निर्माण के लिए जगह उपलब्ध कराने की मांग विधायक के समक्ष रखी। इस पर विधायक मूलचंद निरंजन ने आश्वासन दिया कि नगर पंचायत के माध्यम से जल्द ही जगह आवंटित कराने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि मंदिर का निर्माण कराया जा सके। विधायक के इस आश्वासन से समाज के लोगों में उम्मीद जगी।
कार्यक्रम के बाद महर्षि वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। डीजे की धुनों पर उत्साह से झूमते युवाओं ने पूरे नगर में शोभायात्रा निकालकर माहौल को भक्तिमय और उत्सवमय बना दिया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और महर्षि वाल्मीकि के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
इस अवसर पर सभासद नीरज वाल्मीकि, सोनू, मुत्थु, राजेश, जीतू सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में उत्साह, श्रद्धा और सामाजिक एकता का माहौल देखने को मिला।







Leave a Reply