कुठौंदा/रेंढ़र (जालौन)।
रेंढ़र थाना क्षेत्र के ग्राम कुर्रा में शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने एक किसान के घर को निशाना बनाते हुए लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। चोर मकान का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी सहित करीब 20 लाख रुपये का सामान समेट ले गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस को लिखित तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
दूसरे मकान में सो रहा था परिवार, सूने घर में घुसे चोर
ग्राम कुर्रा निवासी किसान मनु कुशवाहा ने बताया कि उनका पूरा परिवार शनिवार रात अपने पक्के मकान में ताला लगाकर पास ही स्थित दूसरे मकान में सोने चला गया था। घर खाली होने का फायदा उठाते हुए देर रात अज्ञात चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़ा और उसमें रखे जेवर व नकदी पार कर दिए।
रविवार सुबह जब परिजन पक्के मकान पर पहुंचे, तो मुख्य दरवाजे और अलमारी के ताले टूटे देखकर उनके होश उड़ गए।
15 तोला सोना, चांदी और नकदी पार
पीड़ित किसान के अनुसार, अलमारी में रखे लगभग 15 तोला सोने के जेवरात (अनुमानित मूल्य 20 लाख रुपये), करीब 200 ग्राम चांदी के जेवर (मूल्य लगभग 50 हजार रुपये) और 15 हजार रुपये नकद गायब मिले। पीड़ित परिवार ने तुरंत स्थानीय थाने को मामले की सूचना दी।
मामला संदिग्ध, जांच जारी: थाना प्रभारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इस संबंध में रेंढ़र थाना प्रभारी अभिनेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। घटना की गहनता से जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर मामले का खुलासा किया जाएगा।







Leave a Reply