कोंच-उरई । गत 22 नवंबर की रात बाइक समेत नहर में जा गिरे लापता युवक का शव रविवार को बरामद हो गया है। घटना स्थल से लगभग चार किमी दूर चांदनी की पुलिया के पास से बरामद हुआ है। मृतक के सिर और कनपटी पर गहरे घाव हैं जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि नहर में पत्थर से टकराने के बाद वह अचेत हो गया, उसकी एक अंगुली भी टूटी बताई गई है। चांदनी की पुलिया के पास खेतों में काम कर रहे किसानों ने युवक का शव पानी में उतराता देखा था। मृतक का पिता भी मौके पर पहुंच गया था और उसने शव की शिनाख्त अपने बेटे के रूप में की है। जवान बेटे शव सामने पड़ा देख कर वह खुद पर काबू न रख सका और फूट फूट कर रो पड़ा।
मालूम हो कि 22 नवंबर गुरुवार की रात लगभग नौ बजे कोंच-पहाडग़ांव रोड पर जालौन शाख में एक बाइक सवार कृष्णा (24) पुत्र कमलेश वर्मा निवासी तिलक नगर कोंच बाइक सहित नहर में जा गिरा। जैसे ही बाइक नहर के अथाह जल में समाई, पास ही काम कर रहे लोगों ने छपाक की आवाज सुनी और उस तरफ दौड़े लेकिन अंधेरा होने की बजह से वह कुछ भी कर पाने की स्थिति में नहीं थे सो उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पर एसडीएम गुलाब सिंह, नायब तहसीलदार राकेश राजपूत, कोतवाल संजयकुमार गुप्ता, एसएसआई दिलीप वर्मा कोतवाली के अन्य थानेदारों सुरेन्द्रकुमार सिंह, सर्वेशकुमार सिंह, राजीवकांत आदि भी दल बल के साथ मौके पर पहुंच गये थे और उन्होंने रात में ही सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया था। घंटों की मशक्कत के बाद भी कृष्णा का कोई पता नहीं चल सका था अलबत्ता उसकी बाइक जरूर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में पुलिस ने नहर से निकाल ली थी। रविवार को चांदनी की पुलिया के पास खेतों में सिंचाई का काम कर रहे किसानों घनश्याम यादव, हरीमोहन, राजा कुशवाहा, सोनू यादव आदि ने युवक का शव पानी में उतराता देख पहले यूपी 100 को सूचना दी लेकिन वहां से कोई तबज्जो नहीं मिलने के बाद उन्होंने पालिका के सभासद दंगलसिंह यादव को फोन पर बताया। दंगल ने शव मिलने की सूचना पुलिस को दे दी। नायब तहसीलदार राकेश राजपूत, कोतवाल संजयकुमार गुप्ता, सुरही चौकी इंचार्ज सर्वेशकुमार, सागर चौकी इंचार्ज सुरेन्द्रकुमार सिंह दल बल के साथ मौके पर पहुंच गये थे। सहयोग करने के लिये पालिकाध्यक्षा प्रतिनिधि आनंद अग्रवाल, सभासद महावीर यादव, अनिल पटैरया, शमसुद्दीन मंसूरी, दंगलसिंह यादव, छोटू टाइगर आदि भी पहुंच गये थे। फायर ब्रिगेड को भी बुला लिया गया था। पुलिस ने शव को नहर के पानी से बाहर निकलवाया और पंचायतनामा भरवा कर पोस्टमार्टम के लिये भिजवाया है। उसके सिर और कनपटी में लगी गहरीं चोटें पाई गई हैं, उसके हाथ की अंगुली भी टूटी पाई गई है।







Leave a comment