उरई। शहर में जायसवाल टावर के पास घर में बुधवार को पति पत्नी के शव संदिग्ध हालत में मिलने से सनसनी फैल गई । आरंभिक तौर पर मिली सूचनाओं के अनुसार दोनों के बीच रात में कलह हुआ था । समझा जाता है कि इसकी परिणति दोनों की मौत रूप में सामने आई । खबर पा कर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी छानबीन के लिए मौके पर पहुंचे ।

जायसवाल टावर के पास नया पटेलनगर में नगर पालिका के सफाई कर्मचारी श्याम लाल वाल्मीकि का घर है । आज सुबह 6 बजे वे घर में लड़का , बहू को छोड़ कर ड्यूटी पर चले गए थे ।

उनके द्वारा पुलिस में दी गई तहरीर के मुताबिक जब वे 11 बजे के करीब घर लौटे तो घर का दरवाजा बंद मिला जो खटखटाने के वाबजूद नहीं खुला । इस पर उन्होने मकान की छत पर चढ़ कर भीतर देखा तो उसकी बहू संगीता (22वर्ष ) आंगन में पड़ी दिखाई दी । इसके बाद भीतर देखा तो कमरे में उसका पुत्र मुकेश (22वर्ष ) पंखे पर साड़ी के फंदे से लटका था । यह नजारा देख उसके हाथ पांव फूल गए । उसने चाकू से फंदा काट कर मुकेश का शव नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी । कोतवाल रुद्र कुमार सिंह फॉरेंसिक जाँच टीम के साथ मौके पर पहुंचे । बाद में अपर पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने भी मौका मुआयना किया ।

सूत्रों ने बताया कि मुकेश के पास नगरपालिका में सफाई का ठेका था । उसकी पहली पत्नी 2 वर्ष पहले उसको छोड़ कर चली गई थी । संगीता उसकी दूसरी पत्नी थी जिसे वह 1 वर्ष पहले आगरा जिले के सहौरा गाँव से व्याह कर लाया था । कोतवाल रुद्र कुमार सिंह ने कहा कि जांच में सभी पहलुओं का ध्यान रखा जा रहा है ।

Leave a comment