कालपी-उरई । गुरुवार को तहसील में उपजिलाधिकारी सुनील कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं की बैठक संपन्न हुई जिसमें निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर चर्चा की गई। बैठक में बोलते हुए उप जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देश के मुताबिक 30 नवंबर तक निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण का कार्य चलाया जा रहा है। जिसकी उम्र 1 जनवरी 2019 को 18 वर्ष पूरी हो रही है उनके नाम मतदाता सूची में दर्ज होना है । उन्होंने बताया कि मात्र 2 दिन ही शेष बचे हैं। किसी भी पात्र मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज होने से छूट न पाए। इसलिए सभी लोग अपने अपने बूथों में पहुंचकर बीएलओ के माध्यम से निर्धारित फार्म भरकर जमा करवा दें। उपजिलाधिकारी ने महिला मतदाता तथा दिव्यांग मतदाताओं के नाम हर सूरत में निर्वाचक नामावली मे शामिल कराने के लिए आगाह किया। बैठक में पूर्व विधायक के प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह सरसेला (कांग्रेस), शिवबालक सिंह यादव प्रधान प्रतिनिधि धमना, कल्लू सिंह यादव काशीखेरा(सपा) , अमर सिंह निषाद एडवोकेट (बसपा), रविंद्र कुमार श्रीवास्तव (भाजपा) आदि राजनीति दलों के प्रतिनिधियों के अलावा तहसीलदार सालिकराम, अशोक श्रीवास्तव, रामदत्त आदि कर्मचारी मौजूद रहे।  बैठक में लोगों ने अपने अपने सुझाव पेश किए।

 

 

Leave a comment