कोंच-उरई । कोतवाली क्षेत्र में दो अलग अलग घटनाओं में दो महिलाओं के गायब हो जाने के समाचार प्रकाश में आये हैं। एक युवती अपने मायके से तो दूसरी अपनी ससुराल से लापता हुई है। मायके से लापता होने बाली युवती की अभी पखवाड़ा भर पहले ही शादी हुई थी और चौथी चल कर आते ही वह गायब हो गई, जबकि ससुराल से गायब महिला अपना एक साल का बेटा छोड़ गई है। परिजनों ने अगवा किये जाने की तहरीरें दी हैं। पुलिस ने एक की गुमशुदगी दर्ज कर ली है जबकि दूसरे मामले में जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पनयारा से एक बीस बर्षीय मुस्लिम युवती 26 नवंबर को अचानक ही गुम हो गई। उसके परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद कोतवाली में तहरीर देकर एक युवक द्वारा उसे बहला फुसला कर अगवा किये जाने का आरोप लगाया है। तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी में मामला दर्ज कर लिया है। बताया गया है कि उक्त युवती की अभी पखवाड़ा भर पहले ही शादी हुई थी और हाल ही में उसकी चौथी चल कर आई थी। जाते जाते वह तमाम नकदी जेबर भी अपने साथ ले गई है। दूसरा मामला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बसोव का है जहां से एक शादीशुदा महिला गायब है। महिला के पति ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि 26 नवंबर को उसकी पत्नी गायब हो गई थी। पति ने अपने ही एक रिश्तेदार द्वारा उसे बहला फुसला कर अगवा किये जाने का आरोप लगाया है। महिला अपने साथ नकदी जेबर तो ले गई है लेकिन अपने साल भर के बेटे को उसके हाल पर छोड़ गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

Leave a comment