जालौन-उरई । फोरलेन के बीच में आ रहे पूजास्थलों को स्थानांतरित करने के लिए एक बैठक कोतवाली में उपजिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित की गई जिसमें नगर के गणमान्य लोग शामिल हुए और उन्होने इस मुद्दे से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर राय जाहिर की ।

नगर में काफी दिनों से फोरलेन का कार्य चल रहा है । फोरलेन रोड का काम कोंच चौराहे तक पूरा हो चुका है लेकिन कोतवाली के सामने बना शिव मंदिर तथा ग्राम भिटारा के पास बनी मजार बीच में आने से आगे का काम अटका हुआ है जिसको देखते हुए सभी वर्गों के सहयोग से दोनों पूजास्थल शिफ्ट करने के लिए सहमति बनाने की कवायद के तहत उक्त बैठक आयोजित की गई जिसमें प्रभारी उप जिलाधिकारी  गुलाब सिंह तथा सीओ संजय शर्मा और कोतवाल देवेंद्र सिंह ने लोगों को टटोला । बैठक में शहर काजी मौलाना जयमुन सुल्तान , असफाक राइन, खलील खान, जावेद मास्टर ,असलम एडवोकेट, निरंजन लाल महेश्वरी, पुजारी रूपनारायण गोस्वामी प्रमुख रूप से शामिल हुए । उपजिलाधिकारी तथा सीओ ने इस दौरान कहा कि आप लोगों के सहयोग से ही यह कार्य पूरा हो पाएगा।  मौजूद पूजास्थल रास्ते से हटाकर दूसरी जगह प्रतिस्थापित करा दिये जाएँगे । इस मौके पर प्रांतीय खंड के  अवर अभियंता पीएल गौतम,  उमेश सिंह सतीश समेत तमाम लोग उपस्थित थे।

Leave a comment