
कोंच-उरई । शनिवार की रात जानवरों के मच्छर भगाने के लिये जलाई गई आग ने ग्राम वरोदा कलां में दो घरों को अपनी चपेट में ले लिया जिससे लाखों के नुकसान का अनुमान है। आगजनी में चार बकरियां जल कर मर गईं और खर बुरी तरह झुलस गईं जबकि एक बाइक भी आग की चपेट में आकर खाक हो गई है। आगजनी की सूचना थाना पुलिस को दे दी गई है।
जानकारी के मुताबिक कैलिया थाना क्षेत्र के ग्राम वरोदा कलां में शनिवार की रात मवेशियों के मच्छर भगाने के लिये जलाई गई आग से लगभग दो बजे उठी चिंगारी ने दो घरों को अपनी चपेट में लिया। देखते ही देखते दोनों घरों के दो दो कमरे जल गये और उनमें रखा गृहस्थी का सामान खाक हो गया। जिनके घर जले हैं उनके नाम रामराजा पुत्र अच्छेलाल पाल तथा जगदीश पुत्र नथू बताये गये हैं। रामराजा की चार बकरियां जल कर मर गईं जबकि चार बुरी तरह झुलस गईं हैं। इस आगजनी में जगदीश की बाइक भी जल कर खाक हो गई है। सूचना पर नायब तहसीलदार राकेश राजपूत भी मौके पर पहुंच गये थे और उन्होंने आगजनी में हुये नुकसान का सर्वे भी कराया है।







Leave a comment