उरई । जनपद के आटा स्थित सुप्रसिद्ध बेनीमाधव तिवारी इंटर कालेज की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 15 से 17 दिसंबर तक इसका तीन दिवसीय स्वर्ण जयंती समारोह पूरी भव्यता से मनाया जायेगा । इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों के खास मेहमान आमंत्रित किए जायेंगे । सांस्कृतिक कार्यक्रम और अखिल भारतीय दंगल भी होगा ।

क्षीरसागर में सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में यह जानकारी विद्यालय की प्रबंधक नम्रता तिवारी दीक्षित और उनके पति सुदामा दीक्षित ने संयुक्त रूप से दी । सुदामा दीक्षित ने बताया कि आटा के इस इंटर कालेज की स्थापना महान स्वतंत्रता सेनानी पंडित बेनीमाधव तिवारी की स्मृति में उनके पुत्र और 2 बार विधायक रहे स्वर्गीय पंडित गोविंद नारायण तिवारी ने उस समय की थी जबकि आटा क्षेत्र में शिक्षा का बेहद अभाव था । इस इंटर कालेज की स्थापना से 50 गाँवों के विद्यार्थियों को लाभ मिला ।

उन्होने बताया कि बीएमटी के स्वर्ण जयंती समारोह में पहले दिन उदघाटन कार्यक्रम में छात्र, छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये जायेंगे  । दूसरे दिन 16 दिसंबर को इस  इंटर कालेज में समय-समय पर पढ़ कर समाज में ऊँचा मुकाम हासिल करने वाले पुरातन विद्यार्थियों का भावनात्मक समागम होगा जिसमें 16 हजार पूर्व छात्र आमंत्रित किए गए हैं ।

सुदामा दीक्षित ने कहा कि बेनी माधव तिवारी जी की कुश्ती में बेहद दिलचस्पी थी इसलिये तीसरे दिन 17 दिसंबर को महिला और पुरुष पहलवानों का अखिल भारतीय दंगल होगा जिसमें पंजाब , हरियाणा , राजस्थान , मध्यप्रदेश आदि राज्यों से आए पहलवान अपना दमखम दिखाएंगे । उत्सव में दीवाली नृत्य ,घट नृत्य और मयूर नृत्य सहित बुन्देली कल्चर से ओतप्रोत प्रस्तुतियाँ मुख्य आकर्षण होंगे ।

Leave a comment