
उरई। कोंच के पुलिस क्षेत्राधिकारी की फेसबुक पर एक टिप्पणी से हिन्दू संगठन भड़क गए । विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के नेताओं ने मंगलवार को इस मुद्दे पर पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन दिया जिसमें क्षेत्राधिकारी के निलंबन की मांग की गई ।
कोंच के क्षेत्राधिकारी संदीप वर्मा ने अपनी फेसबुक वाल पर लिख दिया था कि मंदिर वहीं बनाएंगे कहना तो अच्छी बात है लेकिन पहले कैरियर बना लो वरना भीख भी उसी मंदिर के बाहर मांगनी पड़ेगी । यह टिप्पणी हिन्दू संगठनों के युवा कार्यकर्ताओं को नागवार गुजरी । उन्होने पुलिस कार्यालय पर नारेबाजी करके एसपी डॉ अरविंद चतुर्वेदी को ज्ञापन सौंपा जिसमें सी ओ के कमेंट की निंदा करते हुए मुख्यमंत्री से उनके निलंबन की मांग की गई । विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल ने उनके ख़िलाफ़ 2 दिन के अंदर कठोर कार्रवाई न होने पर उग्र प्रदर्शन का अल्टीमेटम दिया है । पुलिस अधीक्षक ने उन्हे समुचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया ।
विहिप के जिलाध्यक्ष इन्द्र पाल सिंह चौहान , मंत्री बलबीर सिंह जादौन , बजरंग दल के जिला संयोजक मनुराज तिवारी , सह संयोजक राज कुमार वीरा , जिला गोरक्षा प्रमुख मोनू पंडित, नगर संयोजक राजेश साहू , मनुराज तिवारी , राज तिवारी, शिवम ओझा , अभिषेक , प्रशांत सिंह आदि ज्ञापन देने वालों में थे ।







Leave a comment