
उरई। मंगलवार को जिला अस्पताल में बच्चे को दिखाने आए फ़ौजियों ने वाद- विवाद के दौरान डाक्टर से मारपीट कर दी । गुस्साये अस्पताल स्टाफ ने इसके बाद आरोपितों को पकड़ लिए और उनकी जमकर पिटाई कर डाली । इस बीच अस्पताल की ओपीडी बंद करके डाक्टर हड़ताल पर चले गए । बाद में पुलिस ने आरोपितों को हिरासत में ले लिया और उनके ख़िलाफ़ मुक़दमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दे कर डाक्टरों को शांत कराया तो ओपीडी फिर खोल दी गई ।
कानपुर देहात के किस्वाखेड़ा का निवासी राजेश कुमार यादव सीमा सुरक्षा बल में तैनात है । वह भांजे की शादी में सपरिवार उरई आया था । सुबह वह गांव के ही नरेश सिंह के साथ अपने पुत्र हर्षित की ड्रेसिंग कराने जिला अस्पताल पहुंचा । नरेश सिंह सेना में है । वे डॉ बसंतलाल के कक्ष में पहुंचे । डॉ बसंतलाल के मुताबिक दोनों शराब पिये थे । उनसे आरोपितों ने ड्रेसिंग करने को कहा तो डॉ बसंतलाल ने कहा कि वे सर्जन हैं , ड्रेसिंग नहीं करते । इस जवाब से राजेश बुरी तरह उखड़ गया और उसने डॉ बसंतलाल को ज़ोर से कई थप्पड़ मार दिये । डॉ बसंतलाल के मुताबिक उनको इसके कारण सुनाई देना बंद हो गया । इसी बीच आरोपितों की हरकत देख कर अस्पताल का स्टाफ दौड़ा और दोनों को जमकर पीटने के बाद एक कमरे में धकेल कर बंद कर दिया । बाद में उन्होने अस्पत्ताल में पुलिस को बुला लिया और दोनों को कोतवाल के सुपुर्द कर दिया ।
उधर घटना के विरोध में डाक्टरों के ओपीडी बंद कर देने से अस्पताल आए सैकड़ों मरीजों के भटकने के कारण अफरातफरी मच गई । पुलिस द्वारा कठोर कार्रवाई का भरोसा दिलाये जाने के बाद डाक्टर काम पर लौटे ।







Leave a comment