उरई)। ट्रक मालिक ने व्यापारी का गेहूं हड़पने के लिए अपने ड्रायवर और उसके हेल्पर के साथ साजिश रची। कदौरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर गेहूँ सहित ट्रक बरामद कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया । इस उपलब्धि पर जनपद के पुलिस अधिकारियों ने कदौरा थानाध्यक्ष कामता प्रसाद और उनकी टीम को 10 हजार रुपए का पुरस्कार दिया ।

गौरतलब है कि ट्रक मालिक उदय कुमार निवासी ग्राम परौसा थाना गरौठा जिला झांसी ने 14 नवम्बर को कदौरा थाने में सूचना दी कि उनका ड्रायवर गब्बर सिंह निवासी शाहजहापुर कोतवाली कालपी और हेल्पर हरिओम यादव निवासी मुड़ारा थाना निवाड़ी जिला टीकमगढ़ 250 बोरा गेहूं लदे उनका ट्रक ले कर भाग निकले हैं । जब इसकी छानबीन शुरू हुई तो पता चला कि किसी व्यापारी का गेहूं हड़पने के लिए यह ड्रामा खुद ट्रक मालिक कर रहा है । इसलिये पुलिस ट्रक मालिक उदय कुमार के पीछे लग गई । थानाध्यक्ष कदौरा कामताप्रसाद ने अंततोगत्वा उसका ट्रक पकड़ लिया । उस समय ट्रक में 105 कुंटल गेहूं भी था । पुलिस ने उदय कुमार , गब्बर सिंह और हरिओम यादव का चालान अमानत में खयानत व धोखाधड़ी की धाराओं में कर दिया और गेहूं सहित ट्रक जब्त कर लिया ।

Leave a comment