
जालौन। दबंगों को गुटका देने से मना करना बेवा महिला व उसके पुत्र को महंगा पड़ गया। दबंगों ने जबरन घर में घुसकर मां बेटे को ईंट व लाठी, डंडों से मारपीट कर लहूलुहान किया। पीडि़ता ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी है। पीडि़ता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गणेशजी निवासी उर्मिता गुप्ता पत्नी सुरेश चंद्र गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उनके परिवार में उनका बीस वर्षीय बेटा है जबकि पति की कुछ समय पूर्व मृत्यु हो चुकी है। मां बेटे के भरण पोषण के लिए वह घर पर ही छोटी सी परचून की दुकान किए है। उनके मोहल्ले में ही राजा भइया ताम्रकार पुत्र सूरज ताम्रकार रहता है। आए दिन वह रंगबाजी दिखाते हुए गालीगलौज करता रहता है। सोमवार की शाम करीब सात बजे उक्त राजा भइया ताम्रकार अपने साथी आशीष के साथ दुकान पर आया और उनसे गुटका मांगने लगा। जब उसने गुटका न बेचने की बात कहते हुए मना किया तो उन्होंने गालीगलौज करते हुए दरवाजे पर धक्का दिया और जबरन घर के अंदर घुस आए। इतना ही नहीं हाथ में लिए लाठी डंडों से उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। शोरगुल सुनकर पुत्र अमन बचाने आया तो उसको भी मारा पीटा। इसी दौरान राजा भइया ने पास में पड़ी ईंट से उनके सिर पर वार कर दिया जिसमें उनको गंभीर चोटें आई हैं। इतना ही नहीं मारपीट करने के बाद पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए दोनों वहां से भाग गए। पीडि़ता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। उक्त संदर्भ में कोतवाल सुनील सिंह ने बताया कि पीडि़ता की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।







Leave a comment