जिला प्रशासन के निर्देश से पूर्व रहेगी पहले जैसी लाक डाउन स्थिति
कदौरा। लाक डाउन का दूसरा चक्र पूर्ण होने के बाद प्रदेश सरकार द्वारा स्थिति के हिसाब से जनपदों को ग्रीन, ओरेंज व रेड जोन में बांटते हुए कुछ छूट व नियम लागू किए गए व बाकी जिला प्रशासन पर जनपद में स्थितियों के हिसाब से छूट या पाबंदी करने के निर्देश भी दिए गए। वहीं कदौरा क्षेत्र में स्थिति को लेकर अभी तक तीसरे चक्र में स्थिति असमंजस की बनी हुई है कि ओरेंज जोन में क्या खुलना है और क्या बंद रखना है। फिलहाल दुकानदार चोरीछिपे शटर गिराकर अपनी दुकान चला रहे हैं जिन पर पुलिस द्वारा नकेल कसने की कवायद जारी है।
ज्ञातव्य हो कि 4 मई से चालू तीसरे लाक डाउन में कदौरा क्षेत्र वासी जिला प्रशासन की कोई गाइड लाइन जारी न होने पर असमंजस की स्थिति में हैं। कुछ लोग खुद ही सोशल मीडिया के आधार पर अपनी दुकानें खोलने लगे व कुछ पहले की तरह अपना कार्य जारी किए हैं। मंगलवार को सब्जी किराना व जनरल स्टोर सुबह खुले दिखे व कुछ इलेक्ट्रिक व कपड़े की दुकानों के दुकानदार शटर गिराकर चोरीछिपे सामान देते दिखाई पड़े। वहीं दोपहर समय होने पर पुलिस द्वारा उक्त दुकानों को बंद कराया गया। वहीं उपजिलाधिकारी कौशल कुमार द्वारा कहा गया कि अभी क्षेत्र में स्थिति पूर्ण लाक डाउन की तरह ही रहेगी। कोई नए निर्देश लागू होते ही गाइड लाइन जारी की जाएगी। वहीं नगर स्थिति को लेकर ईओ सुनील कुमार द्वारा कहा गया कि नगर में स्थिति पूर्व लाक डाउन जैसी है। प्रशासन द्वारा निर्देश प्राप्त होते ही उसी के आधार पर नियमों का पालन कराया जाएगा।







Leave a comment