
क्वारंटीन जगहों पर पीपीई किट पहनना अनिवार्य
मुहम्मदाबाद। मंगलवार को विकास खंड डकोर परिसर में बीडीओ सुदामा शरण एवं सहायक विकास अधिकारी (पंचायत ) बलवीर सिंह सेंगर की उपस्थिति में सभी सफाई कर्मियों, ग्राम विकास अधिकारियों, ग्राम पंचायत अधिकारियों को पीपीई किटें दी गई। विकास खंड डकोर में 233 किटों का वितरण किया गया। इसी प्रकार सोमवार को कदौरा ब्लाक में एडीओ पंचायत बलवीर सिंह सेंगर ने 150 किटों का वितरण किया था।
मंगलवार को डकोर विकास खंड कार्यालय में कर्मचारियों को पीपीई किटों का वितरण किया गया। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी ने सभी सफाई कर्मियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि इस महामारी में अपने को सुरक्षित रखते हुए अपने अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरे तन मन से करें। वहीं सहायक विकास अधिकारी बलबीर सिंह सेंगर ने उपस्थित सभी सफाई कर्मियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि जिन गांव में बाहर से आए हुए व्यक्तियों को क्वारंटीन किया गया है। वहां पर सभी सफाई कर्मी पीपीई किट को पहनकर ही कार्य करें। साथ ही वहां प्रतिदिन सफाई करना है। किट के गंदा होने पर पुन: साफ करके पहनेंगे। इस मौके पर ग्राम पंचायत अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह, मेहरबान सिंह, सैयद नौशाद अली, हरीश राठौर, आयुषी अग्रवाल, बुध सिंह, अर्चना कुशवाहा, सिकंदर सिंह, विजया रत्नम, द्वारिका गुप्ता, जगत नारायण सहित अन्य सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।






Leave a comment