उरई में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक और सैन्य सुविधाओं को लेकर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने रक्षा मंत्री से की मुलाकात

नई दिल्ली/उरई। जालौन जनपद में भूतपूर्व सैनिकों की सुविधाओं और क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर उरई-जालौन विधानसभा क्षेत्र के विधायक गौरी शंकर वर्मा ने नई दिल्ली स्थित आवास पर रक्षा मंत्री Rajnath Singh से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उरई में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक के लिए भूमि आवंटन सहित कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं।

विधायक गौरी शंकर वर्मा ने रक्षा मंत्री को बताया कि जनपद जालौन में लगभग 10 हजार भूतपूर्व सैनिक निवास करते हैं, लेकिन वर्तमान में उरई में संचालित ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक एक छोटे किराए के भवन में चल रहा है, जिससे पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने उरई नगर में पॉलीक्लिनिक के लिए डिफेंस लैंड आवंटित करने की मांग उठाई, ताकि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

इसके साथ ही विधायक ने जालौन में स्पर्श सेल की स्थापना की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि पेंशन और अन्य सैन्य संबंधित कार्यों के लिए पूर्व सैनिकों को झांसी जाना पड़ता है, जिससे उन्हें परेशानी होती है। उरई में स्पर्श सेल खुलने से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही बंद पड़ी कैंटीन सुविधा को पुनः शुरू कराने का अनुरोध भी किया गया।

शिक्षा और युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए विधायक ने जनपद में मिलिट्री स्कूल स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र के अनेक युवा सेना में भर्ती होकर देश सेवा करना चाहते हैं, लेकिन संसाधनों और मार्गदर्शन के अभाव में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

विधायक वर्मा ने क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए डिफेंस कॉरिडोर स्थापित करने का सुझाव भी रखा। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के निकट प्रस्तावित स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन के अंतर्गत जालौन को भी शामिल किया जाए, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विधायक की मांगों को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मुलाकात से भूतपूर्व सैनिकों और युवाओं में नई उम्मीद जगी है।

Leave a comment