जनसुनवाई में डीएम ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

उरई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। जनसुनवाई में राजस्व, पुलिस, विकास, नगर निकाय, विद्युत, पेयजल, समाज कल्याण एवं भूमि विवाद से संबंधित बड़ी संख्या में शिकायतें प्राप्त हुईं।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रत्येक अधिकारी मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का परीक्षण करे और पात्र व्यक्तियों को तत्काल राहत उपलब्ध कराए।

जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने कई मामलों में संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही फोन पर वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई। उन्होंने राजस्व एवं पुलिस विभाग को आपसी समन्वय बनाकर भूमि विवाद एवं अन्य संवेदनशील मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को त्वरित राहत मिल सके।

Leave a comment