जहटौली गांव में महिलाओं को साइबर ठगी और नए कानूनों के प्रति किया जागरूक

सिरसा कलार-उरई। थाना क्षेत्र के ग्राम जहटौली में बुधवार को साइबर सेल एवं मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिव मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं और ग्रामीणों को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी तथा महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

कार्यक्रम के दौरान साइबर सेल टीम के कांस्टेबल अमित कुमार दुबे ने ग्रामीणों को साइबर क्राइम, ऑनलाइन धोखाधड़ी, बाल अपराध, ऑनलाइन खरीदारी में ठगी, ऑनलाइन गेमिंग, अपरिचित लिंक एवं नंबरों से होने वाले अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

महिला कांस्टेबल अंजलि ने महिलाओं को नए आपराधिक कानूनों और महिला सुरक्षा संबंधी अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बाजार, स्कूल, गांव या रास्ते में कहीं भी असुरक्षित महसूस होने पर महिलाएं तत्काल 1090 वूमेन पावर लाइन पर संपर्क कर सकती हैं।

कार्यक्रम में महिलाओं को घरेलू हिंसा, साइबर प्लेटफॉर्म पर होने वाले अपराधों और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया। साथ ही 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा और 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की जानकारी भी दी गई।

इस दौरान सब इंस्पेक्टर सुभाष कुमार, ग्राम प्रधान योगेश चौरसिया, कांस्टेबल दीपेंद्र, महिला कांस्टेबल अंजलि एवं कांस्टेबल अमित कुमार दुबे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a comment

Recent posts