नूंह सड़क हादसे में जालौन के चार पुलिसकर्मियों का निधन, पुलिस लाइन में नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई

उरई । हरियाणा के जनपद नूंह में हुए भीषण सड़क हादसे में जनपद जालौन के चार पुलिसकर्मियों के असामयिक निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार को पुलिस लाइन उरई में दिवंगत पुलिसकर्मियों को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम श्रद्धांजलि दी गई।

श्रद्धांजलि सभा में पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन, पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र, जिलाधिकारी जालौन, पुलिस अधीक्षक जालौन, अपर पुलिस अधीक्षक सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत जवानों के पार्थिव शरीरों पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।

पुलिस लाइन का माहौल उस समय गमगीन हो उठा जब साथियों ने नम आंखों से अपने वीर जवानों को अंतिम सलामी दी और कंधा देकर अंतिम विदाई दी।

दुर्घटना में जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह, उपनिरीक्षक मोहित कुमार यादव, आरक्षी अशोक कुमार तथा सर्विलांस सेल में तैनात आरक्षी प्रदीप कुमार शामिल हैं। चारों जवान अपनी कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना के लिए जाने जाते थे।

इस दौरान पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

अधिकारियों ने कहा कि कर्तव्यनिष्ठा, साहस और समर्पण की मिसाल रहे इन वीर जवानों का बलिदान सदैव याद रखा जाएगा। उनकी सेवाएं और समर्पण पुलिस विभाग तथा समाज के लिए प्रेरणा बने रहेंगे।

Leave a comment