उरई। चुरखी थाने में तैनात मुख्य आरक्षी अशोक कुमार का डांस कार्यक्रम में नर्तकियों पर पैसे उड़ाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामला 12 मई का बताया जा रहा है, जिसमें वर्दीधारी पुलिसकर्मी की हरकत ने विभाग की छवि पर सवाल खड़े कर दिए।
जानकारी के मुताबिक किसी कार्यक्रम में नृत्य आयोजन चल रहा था। इसी दौरान मुख्य आरक्षी अशोक कुमार मंच के पास पहुंचकर नर्तकियों पर नोट उड़ाते नजर आए। कार्यक्रम में मौजूद किसी ग्रामीण ने पूरा वीडियो मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो तेजी से फैलने के बाद मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंच गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने तत्काल जांच के आदेश दिए। जांच की जिम्मेदारी सीओ कालपी अशोक कुमार सिंह को सौंपी गई। जांच में वायरल वीडियो और आरोप सही पाए गए, जिसके बाद शनिवार को मुख्य आरक्षी अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि पुलिस बल की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अनुशासनहीनता और विभागीय छवि धूमिल करने वालों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।




Leave a comment