15 जिलों के 150 से अधिक पदाधिकारियों ने लिया हिस्सा, पूर्व सैनिकों और वीर नारियों की समस्याओं के समाधान का संकल्प
उरई। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कानपुर प्रांत की वार्षिक प्रतिनिधि सभा (एजीएम) का आयोजन गुरुवार, 13 अगस्त 2026 को जनपद जालौन के नवोदय सरोवर में किया गया। सभा में कानपुर प्रांत के विभिन्न जिलों से पहुंचे पूर्व सैनिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लेकर सैनिक हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर मंथन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्षता कर रहे कर्नल बीएस तोमर, विशिष्ट अतिथि कर्नल डीएस चौहान, मुख्य अतिथि कमांडर नवीन कटिहार तथा संगठन के संस्थापक सदस्य कैप्टन मास्टर सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
वार्षिक प्रतिनिधि सभा में झांसी, ललितपुर, चित्रकूट, बांदा, कानपुर नगर, कानपुर देहात, फर्रुखाबाद, फतेहगढ़, राठ, हमीरपुर और जालौन सहित कानपुर प्रांत के 15 जिलों के जिला अध्यक्ष एवं संगठन पदाधिकारी शामिल हुए। विभिन्न जिला इकाइयों ने वर्षभर में किए गए सामाजिक एवं सैनिक हितों से जुड़े कार्यों का विवरण और लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। साथ ही पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके परिवारों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का संकल्प लिया गया।
सभा में उरई सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों के हितों के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद जालौन में पूर्व सैनिकों के लिए ईसीएचएस (ECHS) अस्पताल की भूमि उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में रहा है। इस संबंध में उन्होंने हाल ही में मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश तथा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से व्यक्तिगत मुलाकात कर सैनिकों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूर्व सैनिकों को बेहतर ईसीएचएस सुविधा उपलब्ध कराने के लिए भूमि आवंटन की दिशा में शीघ्र सकारात्मक पहल होगी।
सभा में सैनिकों की समस्याओं, संगठन के विस्तार, सामाजिक दायित्वों तथा पूर्व सैनिकों के हित में संचालित विभिन्न गतिविधियों पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम में 15 जिलों के जिला अध्यक्षों के साथ 150 से अधिक पदाधिकारियों ने सहभागिता की। शीतल सेंगर के नेतृत्व में मातृशक्ति टीम की भी विशेष उपस्थिति रही।
जनपद जालौन के अध्यक्ष कैप्टन गंगा रामपाल के साथ जयपाल सिंह सेंगर, जयदेव यादव, राघवेंद्र सिंह सेंगर, सुनील विश्वकर्मा, विनय सेंगर, रविंद्र राठौर, देवेंद्र यादव, अनिल त्रिपाठी, शिवशंकर बुधौलिया, अयोध्या प्रसाद, श्याम सिंह भदौरिया सेना मेडल, गफूर अहमद, सोहेल अहमद, शिव सिंह बघेल, शिवपूजन सिंह, शिव सिंह यादव, शत्रुघ्न सिंह सेंगर, पुष्कर नाथ पाल, बलराम पाल, अशोक विश्वकर्मा, आसाराम दोहरे, रामअवतार सिंह सेंगर, रविंद्र शर्मा, नरेश कुमार पाल और भोला रामपाल सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
वार्षिक प्रतिनिधि सभा ने पूर्व सैनिक संगठनों की एकजुटता, आपसी समन्वय तथा पूर्व सैनिकों के प्रति सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। अंत में राष्ट्रगान के साथ भारत माता की जय और वंदे मातरम के उद्घोष के बीच कार्यक्रम का समापन हुआ।







Leave a comment