विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज और गिरफ्तारी के विरोध में उरई में प्रदर्शन, परीक्षाएं रद्द कर निष्पक्ष जांच की मांग

उरई। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं तथा परीक्षार्थियों पर लाठीचार्ज और गिरफ्तारी के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं ने उरई के शहीद भगत सिंह चौराहे पर प्रदर्शन कर झारखंड सरकार का पुतला दहन किया।

अभाविप कार्यकर्ताओं ने मांग की कि JPSC एवं JSSC की जिन परीक्षाओं की निष्पक्षता संदिग्ध हो चुकी है, उन्हें तत्काल रद्द कर पारदर्शी एवं निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से दोबारा आयोजित कराया जाए। कार्यकर्ताओं ने प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा संबंधी अन्य अनियमितताओं की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग भी की।

कार्यकर्ताओं का आरोप है कि इन मांगों को लेकर परीक्षार्थी एवं विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता रांची में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन झारखंड सरकार द्वारा प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज किया गया और कई विद्यार्थियों को गिरफ्तार किया गया। अभाविप ने इस कार्रवाई की निंदा करते हुए विद्यार्थियों पर किए गए बल प्रयोग की निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।

अभाविप ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तकनीकी, प्रशासनिक एवं संस्थागत स्तर पर आवश्यक सुधार किए जाने चाहिए, ताकि विद्यार्थियों का परीक्षा प्रणाली पर विश्वास बना रहे और उन्हें निष्पक्ष अवसर मिल सके।

प्रदर्शन के दौरान प्रांत संयोजक चित्रांशु सिंह, विभाग संयोजक अभय दुबे, जिला संयोजक अमन पांडा, स्वयं गोस्वामी, कार्तिक पालीवाल, सहयोग नामदेव, अमन बुधोलिया, नितिन तिवारी, दिव्यांश अवस्थी, कीर्त, शुभम, कृष्णम, हिमांशु श्रीवास्तव, मयंक पटेल, अभिषेक राठौर और अनुज द्विवेदी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a comment

Recent posts