उरई। ग्राम लहरियापुर स्थित 7.26 एकड़ की वह बेशकीमती जमीन, जहां लंबे समय से बीसीएच मिशन स्कूल संचालित हो रहा था, अब नगर पालिका परिषद के नाम निहित कर ली गई है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय की पहल पर इस सरकारी नजूल संपत्ति को सुरक्षित करते हुए उस पर भव्य कन्वेंशन सेंटर बनाने का खाका तैयार कराया गया है।
यह जमीन गाटा संख्या 518 पर है और इसकी बाजार कीमत करीब 450 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुराने अभिलेखों के अनुसार 1914 में इसे 99 वर्ष की लीज पर दिया गया था, जो 2014 में समाप्त हो चुकी थी। डीएम ने नजूल रजिस्टर और संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच कराई, त्रिसदस्यीय समिति गठित की तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज कराई। 9 सितंबर को प्रशासनिक कार्रवाई के जरिए परिसर को सरकारी नियंत्रण में ले लिया गया।
अब इस जमीन को नगर पालिका में निहित कर सुरक्षित रखा गया है। डीएम की सोच सिर्फ कब्जा वापस लेने तक सीमित नहीं है। उन्होंने इसे रचनात्मक और सार्वजनिक उपयोग में लाने के लिए भव्य कन्वेंशन सेंटर की योजना बनाई है, जिससे उरई में बड़े आयोजन, सम्मेलन और विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी।






Leave a comment