निर्धारित मूल्य से अधिक पर दवा बेचने का मामला सामने आया, नारकोटिक्स दवाओं का ब्योरा भी मांगा
उरई। निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर दवाओं की बिक्री, नकली, अधोमानक, मिलावटी और एनडीपीएस श्रेणी की औषधियों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर औषधि विभाग ने उरई शहर में मेडिकल स्टोरों पर सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान दवाओं की गुणवत्ता, मूल्य और बिक्री अभिलेखों की गहनता से जांच की गई तथा आठ औषधियों के नमूने लेकर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।
औषधि निरीक्षक एवं खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की रेखा सचान के नेतृत्व में टीम ने पटेल नगर स्थित श्री कृष्णा मेडिकल स्टोर तथा ॐ साई मेडिकल स्टोर (उर्मिला हॉस्पिटल द्वारा संचालित) का निरीक्षण किया। जांच के दौरान श्री कृष्णा मेडिकल स्टोर पर THM-100 Tablet (Thiamine Hcl Tab.) निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बेची जाती मिली।
जांच के दौरान नारकोटिक्स श्रेणी की नींद में प्रयुक्त होने वाली औषधियों की बिक्री से संबंधित विवरण भी प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इस पर औषधि विभाग ने संबंधित औषधि विक्रय फर्मों को नारकोटिक्स एवं अन्य नियंत्रित औषधियों की बिक्री का पूरा विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
विभाग के अनुसार अभियान के दौरान लिए गए औषधियों के नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी प्रकार की अनियमितता की पुष्टि होती है तो संबंधित फर्म के विरुद्ध औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जनपद में आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और निर्धारित मूल्य पर दवाएं उपलब्ध कराना तथा नकली, मिलावटी, अधोमानक एवं नियंत्रित औषधियों की अवैध बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाना है।






Leave a comment