शैक्षणिक संस्थानों और छात्रावासों में सुरक्षा मानकों की नियमित जांच की मांग

उरई। दिल्ली के सत्य निकेतन क्षेत्र में छात्रावास में हुई दुखद घटना के बाद विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के उरई जिले के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग सेंटरों, अन्य शैक्षणिक संस्थानों तथा छात्रावासों में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग की गई।

परिषद कार्यकर्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए सभी शैक्षणिक संस्थानों और छात्रावासों में भवन की स्थिति, अग्नि सुरक्षा उपकरण, आपातकालीन निकास सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों की नियमित जांच कराई जाए। सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उन्हें सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन तथा संबंधित संस्थानों की जिम्मेदारी है। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही विद्यार्थियों के जीवन के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। ऐसे में प्रशासन द्वारा सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और छात्रावासों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन कराया जाना आवश्यक है।

ज्ञापन सौंपने वालों में विद्यार्थी परिषद के प्रांत राज्य विश्वविद्यालय संयोजक चित्रांशु सिंह, विभाग संयोजक अभय दुबे, जिला संयोजक अमन पंडा, सहयोग नामदेव, स्वयं गोस्वामी, सूर्यांश राजावत, ओम ठाकुर, देव प्रताप, शुभम और सोम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a comment