उरई। विद्याभारती के संयोजन में बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित वंदेमातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर देशव्यापी सामूहिक गायन कार्यक्रम के तहत बृज कुंवर देवी एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल में 1792 विद्यार्थियों ने एक साथ वंदेमातरम् का गायन किया। पूर्वाह्न 11 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में हल्की बारिश के बावजूद विद्यार्थियों का उत्साह कम नहीं हुआ और सभागार तथा खेल परिसर में एक साथ गूंजे वंदेमातरम् से विद्यालय परिसर राष्ट्र चेतना के वातावरण से भर उठा।

कार्यक्रम संयोजक राघवेंद्र सिंह परिहार, प्रबंधक सरस्वती विद्या मंदिर राजेंद्र नगर एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी अध्यक्ष एवं पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे। विद्यालय के विद्यार्थी, शिक्षक, प्रधानाचार्या और प्रबंधक सहित अन्य कर्मचारी भी सामूहिक गायन में शामिल हुए।

विद्यालय के प्रबंधक इं. अजय इटौरिया, सह नगर संघचालक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने कहा कि बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित आनंदमठ से लिया गया वंदेमातरम् स्वाधीनता आंदोलन के दौरान राष्ट्र चेतना और देशभक्ति की भावना को जागृत करने का माध्यम बना। उन्होंने कहा कि इसकी 150वीं वर्षगांठ पर सामूहिक गायन के माध्यम से राष्ट्रीय गीत के प्रति सम्मान व्यक्त करने और राष्ट्रीय भावना को व्यापक स्तर पर अभिव्यक्त करने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्या और शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों के साथ सामूहिक गायन में सहभागिता की।

इसी क्रम में एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल, नया राम नगर में भी वंदेमातरम् का सामूहिक गायन आयोजित किया गया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचार प्रमुख रामजी सेंगर की उपस्थिति में 192 विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में भाग लिया और सामूहिक रूप से वंदेमातरम् का गायन किया।

Leave a comment