उरई। विद्याभारती के संयोजन में बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित वंदेमातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर देशव्यापी सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। पूर्वाह्न 11 बजे देशभर में एक करोड़ लोगों द्वारा एक साथ वंदेमातरम् के गायन के आयोजन के क्रम में उरई के बृज कुंवर देवी एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी, शिक्षक, प्रधानाचार्या और प्रबंधक भी सहभागी बने।
कार्यक्रम संयोजक राघवेंद्र सिंह परिहार, प्रबंधक सरस्वती विद्या मंदिर राजेंद्र नगर एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं पर्यवेक्षक जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी रहे। हल्की बारिश के बावजूद विद्यालय के 1792 विद्यार्थियों का उत्साह कम नहीं हुआ। विद्यार्थी सभागार और खेल परिसर में एकत्र हुए और सभी ने एक साथ वंदेमातरम् का सामूहिक गायन किया। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर राष्ट्रीय चेतना के वातावरण से भर उठा।
विद्यालय के प्रबंधक इं. अजय इटौरिया, सह नगर संघचालक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने कहा कि बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित आनंदमठ से लिया गया वंदेमातरम् स्वाधीनता आंदोलन के दौरान राष्ट्र चेतना और देशभक्ति की भावना को जागृत करने वाला गीत रहा है। उन्होंने कहा कि इसकी 150वीं वर्षगांठ पर सामूहिक रूप से इसका सम्मानपूर्वक गायन राष्ट्रीय भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर है।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या, शिक्षक-शिक्षिकाओं और अन्य कर्मचारियों ने भी विद्यार्थियों के साथ सामूहिक गायन में सहभागिता की।
इसी क्रम में एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल, नया राम नगर में भी वंदेमातरम् के सामूहिक गायन का कार्यक्रम आयोजित हुआ। यहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचार प्रमुख रामजी सेंगर की उपस्थिति में 192 विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से वंदेमातरम् का गायन किया।







Leave a comment