उरई (जालौन)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर सेवा, स्वच्छता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को बढ़ावा देने के लिए मेरा भारत की ओर से ग्राम चुर्खी स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय मॉडल इंटर कॉलेज में स्वच्छता एवं नागरिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला युवा अधिकारी सचिन गैरा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक स्वच्छता अभियान में भाग लिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य सुभाष कुमार के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में समाजसेवी राममोहन चतुर्वेदी भी मौजूद रहे। विद्यार्थियों को स्वच्छता के साथ नागरिक कर्तव्यों, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति दायित्वों के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि स्वच्छ और सशक्त भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है और छोटे-छोटे जिम्मेदार प्रयास ही व्यापक बदलाव का आधार बनते हैं।

कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता अभियान में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। युवाओं को मेरा भारत मंच की विभिन्न गतिविधियों और अवसरों की जानकारी देने के साथ विकसित भारत युवा नेता संवाद प्रश्नोत्तरी में भाग लेने के संबंध में भी आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ नागरिक कर्तव्य, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना रहा। इस दौरान विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल किसी एक अभियान तक सीमित नहीं, बल्कि जिम्मेदार नागरिकता का हिस्सा है और राष्ट्र निर्माण प्रत्येक नागरिक के दैनिक आचरण से जुड़ा दायित्व है।

Leave a comment